रांची।भारतीय जनता पार्टी के नेता,अधिवक्ता और सामाजिक-वैचारिक संगठन रांची रिवोल्ट जनमंच के संयोजक डॉक्टर प्रणव कुमार बब्बू ने कहा है कि भारतीय उद्योग के सबसे चमकते सितारों में से एक होने के साथ ही भारत मां के सपूत के रूप में अपने एक-एक पल को देश के हित में गढ़ने वाले रतन टाटा हमेशा करोड़ों लोगों के अखंड प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।
डाॅ. बब्बू ने कहा कि रतन टाटा के रूप में आज भारत ने अपने एक वैसे सपूत को खो दिया है जिसने भारतीय उद्योग, वाणिज्य,व्यापार और अर्थतंत्र के लिये अनेक वैसे काम किये जिसका वर्णन सदियों तक किया जाता रहेगा।
रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए डाॅ. बब्बू ने कहा कि रतन टाटा ने झारखंड के एक वैसे व्यक्ति के रूप में अपना जीवन बिताया है जिसने अपने कैरियर के शुरुआती साल जमशेदपुर में गुजारे।साथ ही उन्होंने जमशेदपुर और झारखण्ड को वैश्विक पहचान देने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डॉ. बब्बू ने केन्द्र सरकार और विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग की है कि रतन टाटा की स्मृति में जमशेदपुर में एक वैसे उद्यमिता संस्थान की स्थापना की जाये जहां युवा उद्यमियों को तकनीकी, व्यावहारिक एवं मानसिक स्तर पर उद्योग स्थापना के साथ ही समाज एवं देशहित के प्रति समर्पित होकर काम करने की प्रेरणा देने की सम्पूर्ण शिक्षा देने के साथ ही अपेक्षित व्यवस्था भी हो और वह सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में देश एवं उद्योग-व्यापार के हित में काम करे।
डॉ. बब्बू ने कहा कि जमशेदपुर के साथ ही देश के प्रत्येक प्रदेश की राजधानी में उक्त उद्यमिता संस्थान की स्थापना की जानी चाहिये।





