गढ़वा।झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में कजराठ गांव में बेटी की मौत के 36 घंटे के अंदर ही उसके पिता का भी शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।मंगलवार सुबह कजराठ के रमेशी चौधरी का शव दानरो नदी में बहता हुआ पाया गया।इससे पहले रमेशी चौधरी के बेटी गुड्डी का शव घर में ही फांसी के फंदे पर झूलते हुए मिला था।





मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह तड़के घरवाले छठ घाट जा रहे थे।मां ने बेटी गुड्डी से पूजन सामग्री लेकर छठ घाट पर चलने को कहा था,लेकिन उसने कंघी करके बाद में आने की बात कही थी।बाद में उसका शव फंदे से झूलता हुए पाया गया।परिजन बाप-बेटी दोनों की हत्या करने की बात कह रहे हैं। मंगलवार सुबह दानरो नदी में रमेशी चौधरी का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।पुलिस के पहुंचने के बाद खोजी कुत्ता मंगवाया गया,लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने शव उठाने से मना कर दिया। समझाने-बुझाने पर शव को शाम को करीब छह बजे उठाने दिया गया।ग्रामीण हत्या की आशंका जताकर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।





रविवार को बेटी की मौत के बाद से ही रमेशी चौधरी घर से गायब थे।रमेश बेटी के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुए थे।सोमवार को काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। 36 घंटे के अंदर पिता-बेटी की संदिग्ध हालात में हुई मौत के बाद गांव में लोग स्तब्ध हैं।मृतक के घर पर लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ है।