धनबाद।ईद-उल-जोहा (बकरीद) को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को सात जोन में बांटा गया है और सभी जोन में एक वरिष्ठ जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई हैं।रविवार बकरीद के दिन जिला नियंत्रण कक्ष सुबह छह बजे से शुरू हो जाएगा और सोमवार सुबह छह बजे बंद होगा।जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन शिफ्ट में 18 अधिकारियों की तैनाती की गई है।





डीसी संदीप कुमार और एसएसपी संजीव कुमार के आदेश से हस्ताक्षर से संयुक्त जिला आदेश जारी कर दिया गया है।जिले के सभी 55 थाना और ओपी में भी पुलिस पदाधिकारियों के साथ दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके साथ-साथ सभी थाने में मोबाइल टीम मौजूद रहेगी। जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर एवं टुंडी जोन में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए विशेष 2 क्विक एक्शन टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है।





जानें किस जोन में कौन बने प्रभारी





कतरास जोन के लिए डीटीओ राजेश कुमार सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाघमारा निशा मुर्मू प्रभार को प्रभारी बनाया गया है। धनबाद जोन के लिए राज्य कर पदाधिकारी सज्जन कुमार पांडेय और पुलिस उपाधीक्षक अरबिन्द कुमार सिन्हा प्रभारी बने हैं। चिरकुंडा जोन के लिए नगर प्रबंधक धनबाद नगर निगम प्रेम प्रकाश और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निरसा पितांबर सिंह बनाए गए हैं। तोपचांची जोन के लिए वाणिज्य कर संयुक्त आयुक्त रितेश कुमार तथा पुलिस निरीक्षक तोपचांची जयराम प्रसाद प्रभारी बने हैं।





झरिया जोन में सहायक कृषि पदाधिकारी सूरजमल किंडो तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंदरी अभिषेक कुमार को प्रभारी बनाया गया है। गोविंदपुर जोन के लिए राज्य कर पदाधिकारी अक्षय कुमार तथा डीएसपी मुख्यालय (प्रथम) अमर कुमार पांडे को तैनात किया गया है। टुंडी जोन में उप नगर आयुक्त प्रकाश कुमार तथा अरविंद कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय (द्वितीय) प्रभारी पदाधिकारी बने हैं।





बना नियंत्रण कक्ष





बकरीद को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।ये 10 जुलाई को सुबह 6 बजे से 11 जुलाई की सुबह 6 बजे तक कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष में तीन शिफ्ट के लिए 18 दंडाधिकारियों और 9 पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। एक शिफ्ट में 6 दंडाधिकारी और 3 पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 0326-2311217, 0326-2311807, 112 तथा 100 है। अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रहेंगे। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नियंत्रण कक्ष को दी जा सकती है।





इन थाना क्षेत्रों पर रहेगी खास नजर





धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, झरिया, जोरापोखर, सुदामडीह, पाथरडीह, तिसरा, सिंदरी, बलियापुर, केंदुआडीह, पुटकी, लोयाबाद, जोगता, कतरास, राजगंज, महुदा, मधुबन, बरोरा, तेतुलमारी, बाघमारा, तोपचांची, हरिहरपुर, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, टुंडी, पूर्वी टुंडी, मनियाडीह, निरसा, चिरकुंडा थाना तथा भूली ओपी, घनुआडीह, बोर्रागढ़, भौंरा, लोदना, अलकडीहा, गौशाला, मुनीडीह, भागाबांध, अंगारपथरा, कपूरिया, रामकनाली, गोंदुडीह, भाटडीह, खरखरी, ईस्ट बसुरिया, सोनारडीह, धर्माबांध, कालूबथान, कुमारधुबी, मैथन, गलफरबाड़ी एवं पंचेत ओपी में पुलिस पदाधिकारियों के साथ साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।