प्रतिनिधि,बड़कागांव।एक सप्ताह के अंदर तीन डेंगू के मरीज पाए गए हैं,जिसमें नटराज नगर में एक एवं बड़कागांव मुस्लिम मोहल्ला में दो रोगी डेंगू बीमारी से पीड़ित है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला मलेरिया पदाधिकारी कपिल मुनि , जिला सलाहकार मोहम्मद सुल्तान व बड़कागांव चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अविनाश कुमार की देखरेख में डेंगू उन्मूलन कार्य के लिए लार्वी सैडल एवं फागिंग कार्य कराया जा रहा है।
इसके पहले प्रभावित क्षेत्र में मच्छरदानी का भी वितरण किया गया।इसके रोकथाम के लिए लोगों को मच्छरदानी लगाकर सोने की सख्त हिदायत दी गई है। इतना ही नहीं घर में या आसपास पड़ोस में बर्तन या गड्ढे में जमा पानी को निकाल कर देने की सलाह दी गई है।
डॉ अविनाश कुमार ने बताया कि आसपास में गंदगी गड्ढे व बर्तन में कई दिनों से जमा पानी में डेंगू की मच्छर पलते हैं । डेंगू मच्छर काटने से गंभीर बीमारी होती है।यह जानलेवा बीमारी भी है। समय रहते इसका इलाज नितांत आवश्यक होता है। इसलिए सभी को स्वच्छता के ऊपर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। ताकि रोग बीमारी से अपने आप को बचाया जा सके।
गुरुवार को बड़कागांव स्वास्थ्य विभाग के द्वारा बड़कागांव दैनिक बाजार, नटराज नगर, तुरी मोहल्ला, बड़कागांव मुस्लिम मोहल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कागांव, आवासीय परिसर ,बड़कागांव थाना,बड़कागांव प्रखंड कार्यालय में फॉकिंग कार्य कराया गया,जिसमें मलेरिया विभाग के पर्यवेक्षक तरुण कुमार,जिला मलेरिया कार्यालय निरीक्षक प्रभु राम, गोविंद कुमार, सुरेश कुमार के अलावा अन्य शामिल है।





