वाराणसी।उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रोहनिया थाना क्षेत्र के जगतपुर में मंगलवार की शाम मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने लक्सा थाने में तैनात दरोगा को गोली मार सरकारी पिस्टल लूटकर फरार हो गए।सीने के दाहिने हिस्से में गोली लगने से घायल हालत में दरोगा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस की टीमें बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।





मिली जानकारी के‌ अनुसार लक्सा थाना में तैनात दरोगा अजय यादव शाम को अपने प्लाॅट पर जा रहे थे।अजय यादव जगतपुर नहर के पास पहुंचे थे।तभी पीछे से आए बदमाशों ने अजय यादव ओवरटेक करते हुए गाड़ी रोकी और जब तक वो संभल पाते बदमाशों ने गोली मार दी।सीने के दाहिने हिस्से में गोली लगते ही अजय यादव अचेत होकर गिर गए।इसके बाद बदमाश सरकारी पिस्टल लूटकर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने घायल अजय यादव को अनंत अस्पताल में भर्ती कराया।मौके पर एसपी ग्रामीण समेत अन्य अधिकारी पहुंचे हैं।बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर टीमें दबिश दे रहीं हैं। घायल अजय यादव अस्पताल की ओटी में हैं।