प्रतिनिधि,जमशेदपुर। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी का भंडाफोड़ करते हुए बर्मामाइंस थाना की पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने इनके पास से चोरी के वाहन भी जब्त किया हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी जोन नंबर 7 हनुमान मंदिर के पास रहने वाला सूरज सिंह उर्फ खेड़ी, बिरसानगर मर्सी रोड काली मंदिर के पास रहने वाला आयुष नाग और सुंदरनगर रुगड़ीडीह निवासी श्रीनाथ रजक शामिल है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 14 बाइक और स्कूटी भी बरामद की है।





मामले का खुलासा बुधवार ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बर्मामाइंस थाना परिसर में किया। वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि बीते 29 जुलाई को बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ईस्ट प्लांट बस्ती लाइन नंबर 2 निवासी मनीष कुमार पाल की हीरो स्प्लेंडर बाइक घर के सामने से चोरी हो गई थी।जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत थाने में लिखित रूप से की थी।जिसपर पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था। वहीं अनुसंधान के क्रम में पुलिस को आरोपी सूरज सिंह के पास चोरी की बाइक होने की गुप्त सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके पास से मनीष कुमार पाल की बाइक समेत एक अन्य बाइक भी बरामद की। इस दौरान थाने में पूछताछ करने पर आरोपी सूरज सिंह ने बाइक चोरी में शामिल अपने दो साथियों का नाम भी बताया। जिन्हें पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से भी पुलिस ने चोरी के 12 वाहन जब्त किए।





ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपियों के द्वारा बिरसानगर, गोलमुरी, बर्मामाइंस और टेल्को थाना क्षेत्र के अलावा अन्य जगहों पर बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था। इनकी गिरफ्तारी से बाइक चोरी की कई घटनाओं का उद्भेदन भी हुआ है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। टीम में बर्मामाइंस थाना प्रभारी अजय कुमार, सुंदरनगर थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई मनोहर कुमार मठपति, कृष्णपाल सिंह पवैया, राजेंद्र सिंकू, एएसआई संतोष कुमार चौबे, विजय कुमार, संजय यादव, हवलदार चरण बोबोंगा, आरक्षी 1125 मुन्नी कुमारी, 209 विनय पांडे, 2186 विनोद कुमार पासवान, सुंदर नगर थाना के आरक्षी 1572 पंकज कुमार और गृह रक्षक चालक रतन कुमार यादव शामिल थे।