प्रयागराज।संगम नगरी में माघ मेले के चौथे स्नान बसंत पंचमी के स्नान के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।सुबह भोर से ही श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी है।बसंत पंचमी के मौके पर यहां दूर दराज से आए श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।भीड़ अधिक होने की वजह से कोरोना गाइड का पालन नहीं हो पा रहा।

आपको बता दें कि बसंत पंचमी के पावन पर्व के मौके पर स्नान के लिए माघ मेले में दूरदराज से आए श्रद्धालुओं के साथ ही प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों से भी भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। जैसे-जैसे दिन निकल रहा है श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है।बसंत पंचमी स्नान को लेकर हमेशा से देखा जाता रहा है।इस दिन प्रयागराज व आसपास जिलों और प्रदेश भर से श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंचते हैं।संगम समेत डेढ़ दर्जन घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के स्नान के लिए ताता लगा हुआ है।
श्रद्धालुओं की भीड़ और सुविधा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यातायात ने शहर के अंदर भारी वाहनों की नो इंट्री रात में ही लागू कर दी थी।