मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'इंडी गठबंधन' का विरोध प्रदर्शन अपने चरम पर पहुंच गया है। दिल्ली के बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक एक विशाल और मार्च निकाला जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव, शिवसेना (उद्धव गुट) के संजय राउत, टीएमसी की महुआ मोइत्रा समेत कई दिग्गज विपक्षी सांसद और नेता इस मार्च में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट पहुंचकर ये नेता CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ औपचारिक याचिका दायर कर रहे हैं।

"यह मार्च शिवजी की बारात की तरह है" — राहुल गांधी

मार्च से ठीक पहले राहुल गांधी ने करीब 40 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह मार्च 'शिवजी की बारात' की तरह है, जिसमें कोई भी शामिल हो सकता है। राहुल ने दावा किया कि CEC ज्ञानेश कुमार लगातार घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और विपक्ष की हर गतिविधि से वाकिफ हैं। इससे पहले रविवार को विपक्षी सांसदों ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) जस्टिस सूर्यकांत को पत्र लिखकर ज्ञापन और मिलने के लिए समय मांगा था।

इसे भी पढ़ेंः फॉर्म-6 पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी से बढ़ीं CEC ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें, 19 विपक्षी दलों का सड़क पर संग्राम

विपक्षी नेताओं के कड़े तेवर और प्रमुख बयान

  • सचिन पायलट: कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरा देश आज सड़कों पर है और CEC ज्ञानेश कुमार द्वारा उठाया गया कदम असंवैधानिक है। उन्होंने मांग की कि CEC को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और सुप्रीम कोर्ट को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए।
  • भूपिंदर सिंह हुड्डा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि सरकार और प्रशासन जनआवाज को दबाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता की आवाज को कभी कुचला नहीं जा सकता।
  • आनंद भदौरिया (सपा सांसद): समाजवादी पार्टी के सांसद ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं दे देते और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होती।

कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब से सुप्रीम कोर्ट तक प्रदर्शन

बारहखंबा रोड स्थित कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में एकत्र होने के बाद तमाम सांसद और नेता नारेबाजी करते हुए सुप्रीम कोर्ट की ओर बढ़े। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तथा कथित 'वोट चोरी' के मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट के जरिए न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

#Indiablock #SupremeCourtMarch #RahulGandhi #MallikarjunKharge #GyaneshKumar #ElectionCommission #PoliticalNewsHindi