बिजली बिल मामले पर 19 को मुख्यमंत्री से मिलेंगे विधायक दीपक बिरुवा
बिजली समस्याओं को लेकर अधीक्षण अभियंता से मिले विधायक
ब्यूरो प्रमुख,चाईबासा।अधिकतम बिजली बिल और उपभोक्ताओं पर जबरन सर्टिफिकेट केस करने के मामले पर विधायक दीपक बिरुवा विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता कृष्ण कुमार सिंह से मिले। इस दौरान विधायक बिरुवा ने बिंदुवार चर्चा करते हुए जानकारी ली।
विधायक बिरुवा ने कहा कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल से दबा दिया गया है, वहीं सर्टिफिकेट केस भी किया जा रहा है। विधायक बिरुवा ने कहा कि अगर विभाग जनता के प्रति सहानुभूति नहीं रखेगी तो जनता सड़क पर उतरने को बाध्य होगी।
विधायक दीपक बिरुवा ने नये कनेक्शन के लिए सिक्यूरिटी फीस माफ करने, जिन घरों में मीटर नहीं है मीटर दिया जाए, कनेक्शन के साथ मीटर लगाने और बकाया बिजली बिल माफ कराने का आग्रह राज्य सरकार से करेंगे। उक्त मामले पर 19 मई को मुख्यमंत्री के साथ विधायकों की बैठक होगी।
टोन्टो के तीन गांव में पहुंचेगी बिजली
टोन्टो प्रखंड अंतर्गत पहाड़ तलहटी पर बसा केंजरा पंचायत का जगदा,तिलायकुटी, तारोपबुरु गांव में अब विद्युतीकरण नहीं होने की जानकारी विधायक दीपक बिरुवा ने देते त्वरित कार्रवाई कराने का निर्देश दिया। इस बाबत अधीक्षण अभियन्ता ने बताया कि डीपीआर बन गया है।जल्द ही विद्युतीकरण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों का सर्वे कराकर छूटे हुए टोलों में पास के गांव के ट्रांसफार्मर से बिजली पहुंचाई जाएगी।
इस दौरान विधायक दीपक बिरुवा ने हाटगम्हरिया प्रखंड के इलीगड़ा गांव में 25 केवी ट्रांसफार्मर, दुनुमगुटू में 16 केवी ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी दी। वहीं झींकपानी प्रखंड में गुड़ा गांव में ट्रांसफार्मर है, लेकिन उपभोक्ताओं की संख्या अधिक होने से लोड ज्यादा होने से बार-बार बिजली बाधित होती है। इसलिए गुड़ा में एक और 63 केवी ट्रांसफार्मर और लगाया जाए। इस अधीक्षण अभियन्ता ने आश्वस्त किया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया जाएगा।





