रांची।विकासशील इंसान पार्टी की नजर अब झारखंड पर टिकी है।वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी ने रविवार को पार्टी की बैठक करते हुए कहा कि अब झारखंड में भी निषाद समाज की पहचान के लिए नाव दौड़ेगी।रविवार को राजधानी रांची के प्रेस क्लब में आयोजित इस बैठक में झारखंड के लगभग सभी जिले से आए लोग शामिल हुए। पार्टी की इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य समिति बनाने पर गहन विचार विमर्श किया गया।वीआईपी प्रदेश अध्यक्ष को लेकर तीन से चार नामों पर विचार किया गया,लेकिन इसकी घोषणा नहीं की गई।





वीआईपी मुखिया मुकेश सहनी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में राजनीति भले ही कमाई का जरिया बन गया हो,लेकिन वीआईपी के लिए राजनीति मात्र सेवा भाव और हाशिए में पड़े लोगों का उत्थान करना है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना का उद्देश्य आदिवासियों, गरीबों, निषादों सहित पिछड़े लोगों का विकास करना था।झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता के कारण अब तक सही ढंग से विकास नहीं हो पाया।





वीआईपी मुखिया ने कहा कि झारखंड अब उम्र के हिसाब से युवा हो गया, फिर भी इसका विकास नहीं हुआ। इससे पूर्व सहनी के रांची हवाई अड्डे पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए अब तक किसी राजनीतिक दल ने समर्पण और आत्मविश्वास के साथ कोशिश ही नहीं की है।