रांची।आजादी के अमृत महोत्सव के तहत लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकाॅर्ड में नाम दर्ज करा चुके सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर के जांबाज बुलेट सवारों ने राजधानी रांची के कांके रोड स्थित न्यू पुलिस लाइन में हैरतअंगेज कारनामे दिखाये।इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेश बैस उपस्थित थे।जवानों के हैरतअंगेज कारनामों को देखकर वे भी मंत्रमुग्ध हो गये।
कार्यक्रम की शुरुआत टीम कप्तान निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बाइक पर पोल राइडिंग से किया।उन्होंने 16 फीट पांच इंच पोल पर खड़े होकर राज्यपाल को सलामी दी। मोटरसाइकिल सवार जवानों ने आग का गोला पार करने, चलती मोटरसाइकिल पर हिमालय की आकृति बनाने, शीर्षासन करने, सेल्फी पोज, मछली की आकृति जैसे हैरतअंगेज कारनामे दिखाये।कार्यक्रम में राज्यपाल रमेश बैस ने निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह एवं उनकी टीम की सराहना की। कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल मेरू, हजारीबाग की ब्रास बैंड और जॉज बैंड ने सांस्कृतिक, देशभक्ति गीतों और धुनों की प्रस्तुति दी़।
बीएसएफ के इन जांबाज जवानों के इस कारनामे में संतुलित और उत्कृष्ट प्रदर्शन का संयोग दिखा। बुलेट टीम पर सवार होकर जिस प्रकार उन्होंने हैरतअंगेज कारनामे किए उसे देख दर्शक भी रोमांचित हो उठे।कार्यक्रम के बाद भी इन जवानों के अद्भुत कौशल की चर्चा खूब हुई। सीमा सुरक्षा बल के बुलेट टीम की स्थापना वर्ष 1990 से ही दर्शकों के बीच कौतूहल का विशेष केंद्र बनी हुई है।
कार्यक्रम में डीजीपी नीरज सिन्हा, रांची डीसी छवि रंजन, BSF IG परमिंदर बेंज, BSF DIG सीडी अग्रवाल, BSF कमांडेंट सत्यवान खांची, BSF कमांडेंट मुकुंद झा, BSF सेकेंड इन कमांड मनोज कुमार मेहता, सिटी एसपी अंशुमान कुमार, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम सहित सेना के पदाधिकारी और काफी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।





