प्रतिनिधि,चतरा। जिले में सक्रिय ब्राउन शुगर तस्करों के विरुद्ध पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। करीब 50 लाख रुपये के प्रतिबंधित ब्राउन शुगर के खेप के साथ बाप-बेटा को गिरफ्तार किया गया है। एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस की स्पेशल टीम को यह कामयाबी हाथ लगी है। तस्करों की गिरफ्तारी सदर थाना क्षेत्र के दारियातू गांव से हुई है। जहां से छापेमारी टीम ने शातिर तस्कर सुरेंद्र दांगी और उसके पुत्र रंजीत दांगी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं अभियान के दौरान मौके से सुरेंद्र दांगी का दूसरा पुत्र सोनू दांगी पुलिस को चक्मा देकर फरार होने में सफल हो गया।





गिरफ्तार तस्करों के घर से पुलिस की टीम ने 458 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर जप्त किया है। फरार तस्कर सोनू कुमार दांगी की गिरफ्तारी को लेकर अभियान तेज कर दिया गया है। अभियान में एसआई नईम अंसारी, मनोज कुमार पाल व एएसआई निर्मल कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





आपको बताते चलें कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुरेंद्र दांगी के द्वारा अपने घर में अवैध तरीके से ब्राउन शुगर की तस्करी को लेकर भंडारण किया गया है। प्राप्त सूचना के आधार पर उसके घर छापामारी की गई तो पुलिस को उक्त सफलता हाथ लगी। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि जल्दी फरार तस्कर को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।