वरीय संवाददाता





रांची। भाकपा राज्य कार्यालय के सभागार में हिंदी साहित्य के प्रख्यात आलोचक नामचीन साहित्यकार एवं सीपीआई के आजीवन सदस्य रहे डाॅ.खगेंद्र ठाकुर की तीसरी पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।





श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कार्यालय सचिव सह जिला मंत्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि कॉमरेड खगेंद्र ठाकुर का पूरा जीवन खुली किताब की तरह है।पूरा जीवन संघर्ष को समर्पित रहा।कॉमरेड खगेंद्र ठाकुर ने अपने जीवन काल में कई पत्र-पत्रिकाओं में अपने लेखनी के माध्यम से जनजागृति जगाई। वह शोषित-पीड़ित, वंचितों की आवाज थे।





उन्होंने कहा कि झारखंड में खासकर कई नए लेखकों, पत्रकारों को मार्गदर्शन कर आगे बढ़ने को प्रेरित करते थे, डाॅ. खगेंद्र ठाकुर के निधन से साहित्य जगत में खालीपन महसूस हो रहा है। कम्युनिस्ट विचारधारा को मजबूती से बौद्धिक जगत में रखने वाले योद्धा की कमी खलती है। कॉमरेड ठाकुर सीपीआई के वैचारिक स्तंभों में से एक थे।





राजद के वरीय नेता राजेश यादव ने कहा कि खगेंद्र जी ने बिहार और झारखंड की पहचान पूरे देश में स्थापित किया।श्रमजीवी पत्रकार संघ के साथी परवेज कुरैशी ने कहा कि खगेंद्र जी ने पत्रकारों, खासकर युवा पीढ़ी के पत्रकारों को लेखनी में सहयोग और समाज के प्रति दायित्व के बारे में सोचने के लिए प्रेरित किया।श्रद्धांजलि सभा में फरजाना फारूकी,मनोज ठाकुर,श्यामल,राहुल वर्मा,अनिरुद्ध कुमार ,रोहन कुमार परवेज कुरैशी,संजीत झा राजेश यादव ,सुशांतो मुखर्जी अजय सिंह सहित अन्य मौजूद थे।