झारखंड में बिजली की दयनीय हालत को लेकर भारतीय जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी है।शुक्रवार को पाकुड़ के अटल चौक से गांधी चौक तक बिजली और पानी की समस्या को लेकर पदयात्रा निकाल कर विरोध जताया।इस पदयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी शामिल हुए।बाबूलाल ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।





पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज राज्य में बिजली की कमी है,ये सरकार की अव्यवस्था के कारण है, सरकार बिजली की ठीक से व्यवस्था करती तो झारखंड की जनता को आज ये दिन देखना नहीं पड़ता। राज्य में जब भाजपा की सरकार रहती है तो बिजली अच्छी रहती है, सड़क भी अच्छी हो जाती है, अस्पताल अच्छे से चलते हैं।





पूर्व सीएम बाबूलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि गांव-गांव में लोगों को नल से जल मिले, लेकिन राज्य सरकार ने उस योजना को भी खटाई में रख दिया है।आज झारखंड सरकार में लूट मची हुई है। कोयला, बालू और लोहा की लूट हो रही है। यहां तक की जमीन भी लूट जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को गरीबों, मजलूमों के लिए काम लोगों के विकास के लिए काम करना चाहिए वो लूटने में लगी है।





इससे पहले बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज कुमार साह की अध्यक्षता में अटल चौक से गांधी चौक तक बिजली-पानी की समस्या को लेकर पदयात्रा निकाली गयी थी।राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाये गये।इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष बलराम दुबे, पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता, पूर्व विधायक मिस्त्री सोरेन ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमृत पांडेय ने किया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव भगत उर्फ बबलू भगत, जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू, नगर परिषद अध्यक्ष सम्पा साहा, प्रदेश प्रवक्ता मिस्फिका हसन, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, दुर्गा मरांडी, प्रसन्ना मिश्रा, जयसन बेसरा, शबरी पाल, राजा साह, भूटान भगत, विजय भगत सहित बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।