जमशेदपुर।लोक आस्था का महापर्व छठ 10 दिन बाद हैं, लेकिन टाटानगर से रोज की ट्रेनों के साथ दोनों ही स्पेशल ट्रेनें फुल हो चुकी है।आईआरसीटीसी वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार दोपहर तक संतरागाछी, पटना और शालीमार-बरहनी छठ स्पेशल ट्रेनों की तीनों श्रेणी के 42 कोच में सिर्फ 128 सीटें खाली हैं।बिहार मार्ग के दुर्ग-राजेन्द्रनगर साउथ बिहार, टाटानगर दानापुर, टाटानगर-थावे छपरा और टाटानगर कटिहार एक्सप्रेस में पहले से ही 20 अक्तूबर को वेटिंग सवा सौ से अधिक है।
समय रहते हुए ट्रेन टिकट की बुकिंग न कराने वाले लोगों को यात्रा में दिक्कत हो सकती है।अभी दरभंगा- छपरा मार्ग में छठ स्पेशल ट्रेन को लेकर रेलवे जोन सर्वे करा रहा है।जबकि चक्रधरपुर, चांडिल होकर तांब्रम और त्रिचुरावल्ली से छठ स्पेशल ट्रेन चलाने का आदेश हो चुका है।
टाटानगर से छठ के दौरान बिहार के दानापुर, छपरा-थावे समेत कटिहार की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी चक्रधरपुर मंडल में शुरू है।इसके लिए बिहार और यूपी मार्ग के ट्रेनों की वेटिंग हालत पर वाणिज्य विभाग की नजर है, जबकि टाटानगर से ही गुजरने वाली साउथ बिहार और पटना साप्ताहिक ट्रेन में बिलासपुर और हाजीपुर रेलवे जोन से अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने की उम्मीद है, जिससे वेटिंग टिकट के यात्रियों को सीट मिल सके। टाटानगर से छठ के दौरान जलियांवाला बाग और जम्मूतवी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाए जा सकते हैं।
संतरागाछी स्टेशन से टाटानगर होकर 22 कोच की पटना छठ स्पेशल ट्रेन 28 अक्तूबर को चलेगी।संतरागाछी से दोपहर 2.55 बजे रवाना होकर ट्रेन टाटानगर शाम 6.25 बजे पहुंचेगी और दूसरे दिन 10.30 बजे पटना पहुंचेगी। जबकि शालीमार से टाटानगर के रास्ते यूपी बरहनी के लिए 20 कोच की छठ स्पेशल 27 अक्टूबर की रात 7.55 बजे चलकर टाटा में ट्रेन 11.37 बजे आएगी और दूसरे दिन रात में बरहनी पहुंचेगी।





