रांची।झारखंड में चल रही गर्म पछुआ हवा से लोग अभी से गर्मी से बेहाल होने लगे हैं।राज्य का कई इलाका भीषण लू की चपेट में हैं।राज्य के सात जिलों में शनिवार को पारा 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया।सबसे ज्यादा तापमान डालटनगंज में रिकॉर्ड किया गया।यहां तापमान 43.4 पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 6.1 डिग्री ज्यादा है। इस वजह से आम लोगों की परेशानी बहुत बढ़ गयी है।

येलो अलर्ट जारी

वहीं अगले दो दिनों तक गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार, चतरा, सिमडेगा और गिरिडीह में हीट वेब चलेगी। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है और साथ ही संताल और कोयलांचल इलाके में आज रविवार शाम से बादल छा सकते हैं। बादल छाने के बाद बारिश नहीं हुई तो परेशानी और ज्यादा बढ़ेगी।

इन जिलों में आंशिक बादल

धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज और गिरिडीह में साइक्लोनिक सरकुलेशन के प्रभाव से कुछ स्थान पर आंशिक बादल छाने की संभावना है। इस दौरान राज्य के अन्य इलाके में मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

कहते हैं मौसम वैज्ञानिक

मौसम वैज्ञानिक एससी मंडल कहते हैं कि झारखंड में पलामू के रास्ते गरम पछुआ हवा का बहाव हो रहा है। पलामू और आसपास के इलाकों में गर्मी का असर अधिक है।