लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है।हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हैं।घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।





मिली जानकारी के अनुसार जिले में ईशा नगर थाना क्षेत्र के पीलीभीत बस्ती हाईवे पर खमरिया पुल के पास सुबह आठ बजे धौरहरा से लखनऊ जा रही प्राइवेट बस और ट्रक की आमने सामने भीषण टक्कर हुई है।हादसे में 25 लोग घायल हो गए हैं और आठ लोगों की मौत भी हो गई है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।बस में 35-40 लोग सवार थे।जिस समय हादसा हुआ उस समय बस की रफ्तार बहुत तेज थी।मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।सूचना मिलने पर घटनास्थल पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर जायजा लिया।





एडीएम संजय कुमार ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है,जबकि 25 यात्री घायल हैं।घायलों में कुछ की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।





सीएम योगी ने जताया दुख





मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है।सीएम ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।सीएम ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए।इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए।