पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,इटखोरी। इटख़ोरी थाना क्षेत्र के करमा खुर्द गांव में सोमवार देर शाम एक जंगली जानवर ने धावा बोलकर लगभग 7 लोगों को घायल कर दिया। जब तक लोग संभल पाते जंगली जानवर भाग निकला।ग्रामीण बताते है कि जंगली जानवर घर के अंदर जाकर लोगों पर हमला कर घायल किया है।ग्रामीणों की माने तो उनके अनुसार वह जानवर भेड़िया के रूप में चिंहित किया गया है।इस घटना से ग्रामीण दहशत में हैं।





सोमवार की घटना में घायल करमा खुर्द निवासी 26 वर्षीय चाहत सिंह पिता मुरारी सिंह,62 वर्षीय सरिता देवी पति यशवन्त सिंह,60 वर्षीय सुलेखा देवी पति बाबूलाल सिंह,37 वर्षीय सूजा देवी पति आरपी सिंह,33 वर्षीय मिष्टी सिंह,9 वर्षीय अभिराज सिंह पिता कमलेश सिंह का नाम शामिल है । इटखोरी अवस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी घायलों को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाया गया। समाचार लिखे जाने तक सोमवार की तरह मंगलवार की रात में भी सूचना आ रही है कि गणेशपुर गांव में और कर्मा खुर्द गांव में जंगली जानवर ने एक पशु को जख्मी कर दिया है।कर्मा गांव के लोग दहशत में है। गणेशपुर से सूचना आ रही है कि वहां भी एक व्यक्ति पर हमला कर घायल कर दिया है।दहशत का माहौल ऐसा है कि लोग घर से बाहर निकलने में भय का अनुभव कर रहे हैं। लोग दहशत के साए में इस कदर खौफजदा है कि अपने स्वजनों को फोन के माध्यम से सावधान रहने की सूचना दे रहे हैं और एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं।