प्रतिनिधि,लावालौंग(चतरा)। प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लाॅक मोड़ के पास सोमवार को श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कौशल प्रशिक्षण केन्द्र का उद्घाटन फीता काटकर किया।ज्ञात हो कि ब्लाॅक मोड़ के पास प्रशांति एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी उज्जैन द्वारा कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ किया गया है।





इस दौरान अपने संबोधन में मंत्री नें छात्रों एवं उनके अभिभावकों से कहा कि आज के परिवेश में शिक्षा के साथ-साथ लोगों में कौशल का होना नितांत आवश्यक है।इसी को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार द्वारा कौशल विकास केंद्र की स्थापना की गई है।ताकि छात्र अपने कौशल को निखारकर स्वरोजगार से जुड़ सके।





संस्था के स्टेट हेड मनीष कुमार नें बताया कि फिलहाल केंद्र पर सेल्फ एंप्लॉयमेंट टेलर,डोमेस्टिक इलेक्ट्रीशियन एवं कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जाएगा।इसमें प्रत्येक कोर्स की अवधि चार माह की होगी।प्रशिक्षण के उपरांत प्रशिक्षणार्थियों को कैंपस सलेक्शन भी करवाया जाएगा। एवं छात्रों को प्रोत्साहन भत्ता भी झारखंड सरकार के द्वारा दिया जाएगा।





कार्यक्रम के दौरान मंत्री नें कुछ जरूरतमंदों के बीच धोती साड़ी और महिला मंडलों के बीच प्रोत्साहन राशि का चेक और प्रशस्ति पत्र का भी वितरण किया।इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में उनके साथ बीडीओ अमित कुमार उपस्थित थे।





कार्यक्रम के दौरान विकास रंजन,दीपक कुमार,राजेंद्र कुमार,अमित कुमार,बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष प्रभु दयाल यादव,जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी,मंत्री प्रतिनिधि अजय राम,जिला सचिव मोनू कुमार,दीपक साहू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।





पत्रकारों के सवालों से बचते रहे मंत्री





सूबे के श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता उद्घाटन के दौरान पत्रकारों के सवालों से बचकर पल्ला झाड़ते रहे।स्थानीय पत्रकारों नें जब उनसे पूछा कि लगभग दो वर्ष पूर्व लावालौंग का 108 नंबर एंबुलेंस सिमरिया को दे दिया गया है,जिससे यहां काफी दिक्कतें हो रही हैं।इस पर मंत्री नें कहा कि लावालौंग का एंबुलेंस लावालौंग में ही चलेगा,लेकिन जब पत्रकारों नें उनसे पूछा कि आपने यही उत्तर एक वर्ष पूर्व भी दिया था। तब मंत्री ने चुप्पी साध ली।इसके अलावा मॉडल स्कूल की जर्जर हालत और शिक्षकों की कमी के सवाल पर मंत्री अपने दूसरे कार्यक्रम का हवाला देकर लावालौंग से निकल गए।