प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। शुक्रवार को थाना क्षेत्र के सराढु गांव में एक बच्चे की मां की संदेहास्पद हुई मौत मामले में मृतका के मायके वालों के लिखित शिकायत पर स्थानीय थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका राजकिशोर दांगी की पत्नी सुहानी उर्फ मनीषा की मौत गुरुवार रात्री में होने की बातें कही जा रही है ।इस बाबत मृतका के पिता राजकुमार दांगी द्वारा टंडवा थाना में दिये गये आवेदन में मृतका के पति व सास-ससुर समेत छः लोगों पर दहेज के तौर पर चार लाख रुपए व मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उत्पीड़न करने एवं गला दबाकर हत्या कर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं बताया गया है कि साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपियों ने मृतका के उपर जहरीले पाउडर डालकर आत्महत्या साबित करने का प्रयास किया है।
जानकारी के अनुसार घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गये हैं। बहरहाल घटना के बाद स्थानीय पुलिस सूचना मिलते हीं घटनास्थल का जायजा लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेज दिया।
पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या 193/23 दर्ज कर व्यापक अनुसंधान किया जा रहा। वहीं अपराधियों के धड़-पकड़ के लिए संभावित जगहों में छापेमारी की जा रही है।





