प्रतिनिधि,गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर थाना क्षेत्र के बरियातू गांव के मसूरिया टोला की विनीता देवी हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। एक ओर जहां मृतिका के भैंसुर चंदर भुइयां ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर प्रेमी उपेंद्र यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। चंदर भुइयां का आरोप है कि उसकी मृत भावो विनीता देवी के साथ गांव के ही उपेंद्र यादव का दस वर्षों से प्रेम संबंध था। प्रेम संबंध को लेकर आपसी समझौता भी हुआ था। वहीं इस मामले में एक सनसनीखेज खुलासे ने पूरे मामले में नया मोड़ ला दिया है।
इस मामले में मृतिका विनीता देवी द्वारा पांच वर्ष पूर्व 2018 में पुलिस अधीक्षक को दिये गए एक हस्तलिखित आवेदन ने सनसनी फैला दी है। एसपी के नाम से जारी आवेदन में प्रेमी उपेंद्र यादव,पिता कुंजल यादव और माता कौशल्या देवी पर पति रोहन भुइयां की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। आवेदन के सामने आने के बाद तत्कालीन स्थानीय पुलिस पदाधिकारी पर सवालिया निशान खड़े होने शुरू हो गए हैं। आवेदन में दिए गए आरोप के मुताबिक 3 अगस्त 2018 को उपेंद्र यादव और उसके माता पिता उसके घर आए और यह कहकर हजारीबाग ले गए कि चलो वहां काम धंधा करेंगे। मेरी जाने की इच्छा नहीं थी,लेकिन जिद करके मुझे,मेरे पति व बच्चो को लेकर हजारीबाग जबड़ा रोड में एक किराए के मकान में ले गया,जहां हमलोग रहने लगे।
आरोप के मुताबिक 5 अगस्त 2018 को 12 बजे रात में जब हमारे बच्चे सो रहे थे तो तीनो ने मिलकर हमारे पति को फांसी पर लटका दिया और मुझे धमकी दी कि किसी से कुछ कहोगी तो तुम लोगों को भी जान से मार देंगे। फिर दूसरे दिन मकान से 300 मीटर दूर जंगल में जाकर पति की लाश को जमीन में गाड़ दिया।
आरोप के मुताबिक विनीता समेत सभी लोग मसूरिया गांव आ गए। वह काफी डर गई थी।इसलिए किसी को कुछ नहीं बताया। इस दौरान जान से मारने की धमकी देकर उपेंद्र यादव उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण करता रहा। इस घटना की जानकारी उसने अपने भैंसुर चंदर भुइयां को दी। भैंसुर के कहने पर पुलिस अधीक्षक को आवेदन दे रही है। आवेदन की कॉपी थाना प्रभारी गिद्धौर,अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया और महिला थाना प्रभारी चतरा को भी दी गई थी।
इस खुलासे में मामले ने नया मोड़ आ गया है। अब सवाल यह खड़ा हो रहा है कि जब पांच वर्ष पूर्व मृतिका के पति रोहन भुइयां की हत्या उपेंद्र यादव के द्वारा किए जाने की बात सामने आई थी तो स्थानीय पुलिस ने इसपर संज्ञान लेना उचित क्यों नहीं समझा था। अगर उसी वक्त उपेंद्र पर कार्यवायी हो जाती तो शायद दोहरे हत्याकांड की स्थिति पैदा नहीं होती। बहरहाल दोहरे हत्याकांड का अभियुक्त उपेंद्र यादव महिला विनीता देवी का शव मिलने के बाद से फरार बताया जा रहा है।





