झारखंड।लातेहार जिले के नेतरहाट थाना क्षेत्र के नवाटोली गांव निवासी लुजन किसान पर महुआ बीनने के दौरान भालू ने हमला कर घायल कर दिया।साथ के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।जहां किसान का इलाज चल रहा है। इन दिनों महुआ का सीजन चल रहा है। अंधेरे में ही टॉर्च लेकर घरों से लोग जंगल में महुआ बीनने निकल जाते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार लुजन किसान हर रोज की तहर शुक्रवार सुबह हेतगढ़वा जंगल में महुआ बीनने गया था।सुबह लगभग सात बजे महुआ बीनने के दौरान झाड़ी के पीछे से अचानक एक भालू ने लुजन किसान पर हमला कर दिया।आस-पास अन्य लोग भी महुआ बीन रहे थे।लुजन की चीख सुनकर वे दौड़ पड़े,लोगों को देखकर भालू जंगल की ओर भाग गया।

घटना की जानकारी देते हुए नेतरहाट थाना प्रभारी दिवाकर दुबे ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल किसान को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां घायल का इलाज चल रहा है।हमले से चेहरा और सीने पर जख्म के निशान हैं।