प्रतिनिधि,गिरिडीह।भाकपा माले नेता राजेश यादव बेंगाबाद के जिला पंचायत सदस्य केदार हाजरा एवं ताराटांड़ पंचायत के मुखिया वीरेंद्र दास सहित कई अन्य ने मंगलवार की शाम बड़कीटांड़ (खुटरी) निवासी 28 वर्षीय महेंद्र यादव नामक व्यक्ति की निर्मम तरीके से हत्या कर दिए जाने के मामले में हत्यारों को अविलंब पकड़ने की मांग की है।





बताया जाता है कि महेंद्र यादव की 17 जनवरी की शाम अपने घर से बेंगाबाद कार्य करने जाते समय काशीटांड़ (महुआर) के नजदीक संभवतः गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश व्याप्त है।





जानकारी मिलने पर उक्त नेताओं और समाजसेवियों ने बुधवार को महेंद्र यादव के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि हम सबों ने प्रशासन को मौका दिया है कि हत्यारों को ढूंढ निकाला जाए, लेकिन अगर इसमें तनिक भी लापरवाही बरती गई तो वे ग्रामीणों के साथ हत्यारों को पकड़ने की मांग को लेकर सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।





माले नेता राजेश यादव ने आगे कहा कि वे पीड़ित के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने की भी मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्र यादव घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था और उसके अब नहीं रहने से उसका परिवार सड़क पर आ गया है।माले नेता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस तरह के मामलों में पीड़ित परिवार के लिए माकूल व्यवस्था किए जाने की मांग की।





मौके पर माले नेता फोदार सिंह, कमरुद्दीन अंसारी, सुखदेव यादव,छोटू दास,पवन शर्मा,पप्पू यादव,राम बाबू,राजू यादव,अशोक यादव, राजेश यादव,प्रदीप यादव,कैलाश यादव, भागीरथ यादव, हामिद अंसारी, कैलाश दास,दिनेश यादव,मंटू यादव, किशोरी राणा,सदानंद यादव,घनश्याम यादव सहित अन्य महिला पुरुष मौजूद थे।