माउंट कार्मल स्कूल में वार्षिक खेल दिवस आयोजित





खेलकूद आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है:प्रदीप प्रसाद





शिक्षा के साथ-साथ खेल को बढ़ावा देना सराहनीय:श्रुति सिंह





पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,हज़ारीबाग।माउंट कार्मल स्कूल में प्रथम वार्षिक खेल दिवस का सोमवार को आयोजन किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक प्रदीप प्रसाद और विशिष्ट अतिथि आईपीएस (प्री-प्रोबेशन) श्रुति सिंह भी मौजूद थे।प्रिंसिपल सिस्टर जेस्सी और शिक्षकों की टीम ने अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर किया गया।





छात्रों ने उत्साह के साथ खेलकूद की विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया।सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विविधता को प्रदर्शित करने वाले नृत्य और नाटक ने अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।





मुख्य अतिथि विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि यह देखकर गर्व होता है कि माउंट कार्मल स्कूल न केवल शिक्षा बल्कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी छात्रों को प्रोत्साहित कर रहा है।खेलकूद बच्चों में अनुशासन,आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। विधायक ने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं।





विशिष्ट अतिथि आईपीएस प्री-प्रोबेशन श्रुति सिंह ने कहा कि बच्चों में जो ऊर्जा और उत्साह देखा।वह देश के उज्ज्वल भविष्य की झलक है।माउंट कार्मल स्कूल का यह प्रयास सराहनीय है, जो छात्रों को एक संतुलित और समग्र शिक्षा प्रदान कर रहा है।





स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर जेस्सी ने कहा कि यह गर्व का क्षण है कि हमने पहला वार्षिक खेल दिवस सफलतापूर्वक आयोजित किया।हमारा उद्देश्य है कि हम अपने छात्रों को केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित न रखें, जो उन्हें आत्मनिर्भर और जीवन में हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार कर सके।सिस्टर जेस्सी ने कहा कि मैं सभी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद देती हूं।साथ ही माउंट कार्मल विद्यालय की ओर से आने वाले क्रिसमस की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं।





कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को ट्रॉफी,मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने छात्रों के प्रदर्शन की सराहना की।