विशेष संवाददाता,जमशेदपुर। बीती रात्रि लगभग 12:45 बजे मानगो थाना अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 14 साबरी नूरी मस्जिद लाइन निवासी मुसर्रत परवीन के घर में अपराधी ने चार राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी। साथ ही घटना को अंजाम देकर आरोपी अपने साथी के साथ मौके से फरार होने में सफल भी रहा। इधर घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से 4 खोखा भी बरामद किया,जिसके बाद पुलिस ने घर मालिक के बयान पर मामला दर्ज कर अनुसंधान के क्रम में त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 घंटे के अंदर ही आरोपी को उलीडीह गुडरुबासा रोड नंबर 5 लाल बिल्डिंग के पास स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने तलाशी लेने के क्रम में गिरफ्तार अपराधी टोनी सिंह के घर से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, मैगजीन में लगे तीन जिंदा कारतूस एक अन्य पिस्टल, एक राइफल, फायर किया हुआ पिलेट, एक्टिवा स्कूटी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
मामले का खुलासा करते हुए बुधवार एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि 5 साल पहले अपराधी टोनी सिंह घटनास्थल के आसपास नाली का निर्माण करवा रहा था। इस दौरान वहां के एक परिवार से उसका परिचय हो गया था। उसी परिवार की युवती के साथ वादी मुसर्रत परवीन के घर का एक युवक छेड़खानी करता था,जिसकी जानकारी युवती ने टोनी सिंह को दी थी,जिसके बाद उक्त युवक से बदला लेने के लिए ही टोनी सिंह ने घर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इससे पूर्व भी टोनी सिंह उलीडीह थाने से आपराधिक मामलों में 4 बार जेल जा चुका है। पुलिस ने युवती से भी पूछताछ की है। मगर उसके विरुद्ध अभी कोई कार्यवाही नहीं की गई है। फिलहाल गिरफ्तार अपराधी को जेल भेज दिया गया है। वार्ता में एसपी सिटी के. विजय शंकर और थाना प्रभारी विनय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।





