संवाददाता,बरकट्ठा। प्रखंड अंतर्गत झुरझुरी पंचायत मुखिया सुमन कुमार को हजारीबाग एसीबी की टीम ने चार हजार रुपए घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की टीम ने शिकायतकर्ता मुकेश कुमार के लिखित आवेदन पर कार्रवाई की है।आवेदक के द्वारा लिखित आवेदन में कहा गया है कि वादी मुकेश कुमार को मनरेगा योजना के तहत ग्राम गंगटियाही में इनके जमीन पर डोभा निर्माण कराने का कार्य आवंटित किया गया था। डोभा का निर्माण पूर्ण कराए जाने के पश्चात इन्हें 160080 रूपया का भुगतान मिल चुका था। शेष राशि की निकासी हेतु मास्टर रोल पर जब मुखिया सुमन कुमार को हस्ताक्षर के लिए कहा गया तो मुखिया द्वारा पांच हजार रुपए घूस की मांग की गई थी,लेकिन वादी मुकेश कुमार घूस देने में सक्षम नहीं थे और वह घूस देना नहीं चाहते थे। इसलिए उन्होंने इस मामले को लेकर आगे की कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक एसीबी हजारीबाग को आवेदन दिया।
आवेदन के आलोक में सत्यापनकर्ताओं द्वारा जांच पड़ताल किया गया। जांचोंपरांत प्रतिवेदन में रिश्वत मांगने की बात सच साबित हुई। आवेदक के आवेदन एवं सत्यापनकर्ता के सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो हजारीबाग थाना कांड संख्या 06/2023 पंजीकृत किया गया। भ्रष्टाचार ब्यूरो हजारीबाग के दंडाधिकारी एवं दो स्वतंत्र साक्षी के उपस्थिति में भ्र.नि.ब्यूरो हजारीबाग ट्रैप टीम द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्त झूरझूरी पंचायत मुखिया को 4000 घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





