प्रतिनिधि,चतरा। आगामी 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में मुख्य निर्वाचन कार्यालय झारखण्ड रांची के सिस्टम एनालिस्ट एसएन जमील के द्वारा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 से संबंधित जिले के पदाधिकारियों, बीएलओ, सुपरवाइजर एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ बैठक की गई।





सर्वप्रथम प्री फिल्ड फॉर्म की समीक्षा की गई,जिसमें सिमरिया एवं चतरा विधानसभा की स्थिति बेहतर पाई गई।इस बैठक में दिनांक-01.01.2024 को अर्हता तिथि मानते हुए 27 नवम्बर 2023 से 09 दिसम्बर 2023 तक चलाये जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 अंतर्गत बिरहोर परिवारों का मतदाता सूची में पंजीकरण, न्यून गुणवत्ता फोटो एवं ब्लैक एण्ड वाइट व ब्लर फोटो रिप्लेस, ईआरओ नेट पर इंट्री कार्य, 80 प्लस आयु वर्ग के मतदाताओं को चिन्हित कार्य, दिव्यांग मतदाता, इंपॉटेंट मतदाता, मार्किंग कार्य, फार्म 6, 7 एवं 8 प्राप्त करने से संबंधित कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा की गई।





समीक्षा के क्रम में सभी बीएलओ को प्रशिक्षण देने की बात कही गई। बिरहोर परिवार को शत प्रतिशत मतदाता सूची में नाम शामिल करने का निर्देश दिया गया। साथ ही शेड और फुटपाथ पर बेघर व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु कई जानकारियां भी उपस्थित पदाधिकारियों, बीपीआरओ एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ साझा किया और कहा कि किसी भी परिस्थिति में शेड, फुटपाथ एवं बेघर व्यक्ति का मतदाता सूची में नाम न छूटे। वहीं जिले के जेंडर संबंधित विषयों की भी समीक्षा की गई। उन्होने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण करें और बीपीओ व सुपरवाइजर द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी मॉनिटरिंग करें। फार्म 7 को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है उनका मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ फार्म भरें। इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही न करें। मतदाता कार्ड वितरण कार्य को लेकर कहा कि सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अपने अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस में जाकर देखेंगे कि पोस्ट ऑफिस में मतदाता कार्ड डंप तो नहीं पड़ा हुआ है और डाकिया के माध्यम से पोस्ट में पड़े मतदाता कार्ड का शत प्रतिशत वितरण करायेंगे। इसके अलावा विभिन्न बिन्दुओं की समीक्षा कर कई सुझाव दिए गए।





उक्त बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी-सह-निदेशक डीआरडीए अरूण कुमार एक्का, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमण्डल पदाधिकारी चतरा सुरेन्द्र उरांव, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुण्मडल पदाधिकारी सुधीर कुमार दास, सभी सहायक निर्वाचक निर्वाचन पदाधिकारी-सह-प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बीपीआरओ एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थे।