मेगा रोजगार मेला को लेकर उपायुक्त ने रवाना किया प्रचार रथ
बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए सुनहरा अवसर, रोजगार मेला का ले लाभ: उपायुक्त
प्रतिनिधि,मेदिनीनगर(पलामू)। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आंजनेययुलु दोड्डे ने मंगलवार को मेगा रोजगार मेला 2023 को लेकर प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ पलामू जिले में घूम- घूम कर मेगा रोजगार मेला में भाग लेने हेतु बेरोजगार युवक एवं युवतियों को जागरूक करने का काम करेगा। श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग झारखण्ड सरकार के संकल्प परियोजना के अंतर्गत जिला कौशल कार्यालय पलामू द्वारा आगामी 14 जुलाई 2023 को स्थानीय टाउन हॉल में एक दिवसीय मेगा रोजगार मेला का आयोजन किया जाना है।
बता दें मेगा रोजगार मेला में जिला कौशल कार्यालय पलामू के माध्यम से स्थानीय एवं बाहरी लगभग 22 कंपनियों द्वारा सभी श्रेणियों में लगभग 4673 रिक्त पदों पर बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।मेगा रोजगार मेला के मुख्य अतिथि श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता एवं विशिष्ट अतिथि सांसद पलामू विष्णु दयाल राम, सांसद चतरा सुनील सिंह एवं सभी विधायक सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
इस संबंध में उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने कहा कि बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। अपनी योग्यता के अनुसार वह रोजगार से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के वैसे बेरोजगार युवक युवतियां जो कौशल प्रशिक्षण, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, मैट्रिक, इंटर, स्नातक आदि से उत्तीर्ण है, वे सभी लोग मेगा रोजगार मेला का लाभ ले सकते हैं।





