प्रतिनिधि, जमशेदपुर। जमशेदपुर मानगो नगर निगम अंतर्गत गुरूद्वारा बस्ती, शंकोसाई एवं सुखना बस्ती आदि में उत्पन्न जलसंकट की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त विजया जाधव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव व अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।





बैठक में यह बात सामने आई कि पानी सप्लाई के दौरान कई लोगों द्वारा अवैध रूप से मोटर का उपयोग किया जाता है, जिससे निचले इलाकों में पानी सप्लाई में कठिनाई आती है । उपायुक्त द्वारा इसपर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तत्काल मोटर सीज करने हेतु धावा दल का गठन किया गया तथा सख्त निर्देश दिया गया कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रतिदिन कम से कम 50 मोटर सीज करें।





मानगो में आबादी के बढ़ते स्परूप को देखते हुए अगले 30 वर्षों में पानी की क्या आवश्यकता होगी इसको लेकर 60 MLD का वॉटर ट्रिटमेंट प्लांट के निर्माण पर चर्चा की गई । कार्यपालक अभियंता डीडब्लूएस सिविल को अर्बन वॉटर सप्लाई के एडिशनल डीपीआर के लिए प्रस्ताव 15 दिनों के अंदर उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया। साथ ही मानगो चौक से डिमना चौक तक सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए परिक्ष्यमान कार्यपालक पदाधिकारी को नियमित अभियान चलाने का निदेश दिया गया।





करीब 2.5 लाख की आबादी में सिर्फ 23 हजार पानी कनेक्शन





मानगो वासियों को निर्बाध पानी का सप्लाई मिले इसके लिए जरूरी है कि उनका पानी कनेक्शन हो। पानी कनेक्शन का आवेदन लेने के लिए उपायुक्त ने अगले 8 दिनों तक विभिन्न क्षेत्रों में कैम्प लगाने के निर्देश दिए। 17 मई को शंकोसाई जेपी स्कूल में नगर प्रबंधक राहुल कुमार की निगरानी में तथा खड़िया बस्ती कम्यूनिटी हॉल में परिक्ष्यमान पदाधिकारी चंदन कुमार व पारडीह चौक में नगर प्रबंधक जितेन्द्र कुमार की निगरानी में पानी कनेक्शन के लिए कैम्प लगेगा।उपायुक्त ने कहा कि वैध कनेक्शन लेने से प्रशासन को भी जानकारी होगी कि कितने लोगों तक पानी पहुंच रहा और कितने लोग सही में वंचित रह जा रहे हैं ।





पानी कनेक्शन लेने के लिए जरूरी कागजात निम्नवत हैं-





1. बीपीएल को फ्री कनेक्शन





2. आधार, आवासीय प्रमाण पत्र, होल्डिंग का पेपर (जिन लोगों के पास होल्डिंग का पेपर नहीं होगा उनका इस कैम्प में ही पेपर बनेगा ।)