कोडरमा।झारखंड के कोडरमा जिले में मोहरर्म का मातम का पर्व दोहरे मातम में बदल गया है।मोहर्रम के जुलूस में एक युवक की जान चली गई।झुुमरीतिलैया के झंडा चौक पर मोहर्रम के जुलूस में ट्यूबलाइट फोड़ने के खेल के दौरान कांच का टुकड़ा छिटककर खेल देख रहे एक युवक के गर्दन में जाकर फंस गया।जैसे ही लोगों ने युवक के गले से कांच के टुकड़े को निकाला तो गले से रक्त की धारा बहने लगी। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।जुलूस का रंग फीका पड़ गया है। इस घटना के बाद हर कोई सदमे में हैं।
गर्दन की नस कटने से बहने लगा खून
मिली जानकारी के अनुसार झुमरीतिलैया भादोडीह के अय्याज नगर कमेटी द्वारा मोहर्रम के जुलूस में परंपरागत खेलों का प्रदर्शन किया जा रहा था।इस दौरान करतब दिखाने वाले खिलाड़ी अपने शरीर पर ट्यूबलाइट फोड़ने का करतब दिखा रहे थे। तभी ट्यूबलाइट का एक टुकड़ा फुटकर वहां खड़े एक युवक के गर्दन पर जाकर घुस गया। लोगों ने जैसे ही युवक की गर्दन से ट्यूबलाइट का टुकड़ा निकाला उसके गर्दन से खून की धारा बहने लगी। जब तक लोग युवक को पास के निजी अस्पताल ले जाते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।मृतक की चार साल पहले शादी हुई थी।उसके एक बेटी और एक बेटा भी है। घटना से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
करतब स्थल के पास खड़ा था युवक
मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय कलीम सिद्दिकी उर्फ मिस्टर पिता कयूम सिद्दिकी के रूप में हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कलीम करतब दिखाने वाली जगह से बहुत करीब खड़ा था। ट्यूबलाइट के टुकड़े से उसकी गर्दन की नस कट गई और अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई।पिछले 2 सालों से कोरोना संक्रमण की वजह से मोहर्रम के मौके पर परंपरागत खेलों का प्रदर्शन नहीं हो रहा था,लेकिन इस बार हालत सामान्य होने और प्रशासन द्वारा मंजूरी मिलने के बाद विभिन्न मोहर्रम कमेटियों की ओर से निकाला गया जुलूस झंडा चौक पहुंचा था।झंडा चौक पर विभिन्न कमेटियों की ओर से खिलाड़ियों ने परंपरागत खेलों का प्रदर्शन किया। घटना से पहले भी कई कमेटियों के खिलाड़ी ट्यूबलाइट का करतब दिखा चुके थे। इस घटना के बाद परंपरागत खेलों का प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया है। विभिन्न मोहर्रम कमेटियां वापस लौट गई हैं।





