सोनभद्र।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के प्रचार के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पूरे दमखम से जुटी है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के तमाम बड़े नेताओं की ताबड़तोड़ जनसभाएं और रोड शो हैं।इसी कड़ी में
पीएम मोदी बुधवार को रॉबर्ट्सगंज में चुर्क स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के नजदीक एक जनसभा को संबोधित करते हुए जिले की चारों सीटों से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में लोगों से वोट मांगे।पीएम मोदी इसके पहले दोपहर में वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे और वायुसेना के हेलीकाप्टर से सोनभद्र में चुनावी सभा को सम्बोधित करने के लिए उड़ान भरी।

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश को बिजली देने वाली धरती को प्रणाम करता हूं। उन्होंने ने कहा कि घर वो जिसमें नल से जल पहुंचे अभियान को भी हम तेज गति से चला रहे हैं।सिर्फ इन दोनों योजनाओं के लिए इस वर्ष बजट में एक लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सोनभद्र में हमने हजारों घर बनाए हैं,जो लोग बाकी बचे हैं, उनको भी 10 मार्च के बाद फिर से योगी सरकार बनने के बाद पक्का घर बनाने का काम तेजी से आगे बढ़ेगा।

यूक्रेन में फंसे हर भारतीय को वापस लाएंगे

पीएम मोदी ने पूर्वांचल की धरती से संबोधित करते हुए कहा कि आज दुनिया में जो हालात बनें हैं वो आप देख रहे हैं। ये भारत का बढ़ता सामर्थ्य ही है कि हम यूक्रेन में फंसे हमारे देश के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए इतना बड़ा अभियान चला रहे हैं। मैं देश के लोगों को भी ये विश्वास दिलाता हूं कि भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।उन्होंने कहा कि ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से कई हजार नागरिकों को देश वापस लाया जा चुका है।इस मिशन को गति देने के लिए भारत ने अपने चार मंत्रियों को भी वहां पर भेज दिया है। संकट में फंसे भारतीयों को ज्यादा तेजी से निकालने के लिए हमारी सेना और वायुसेना को भी लगा दिया गया है।

पीएम मोदी कोरोना वैक्‍सीन पर कहा कि टीका लगवाने के लिए लोगों से जुड़ने पर मुसीबत होती थी,हमारी सेनाओं के पराक्रम पर सवाल उठाते थे।यूपी के लोग क्‍या ऐसे लोगों को वोट दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का सबसे तेज टीकाकरण अभियान रहा है। 80 करोड़ ना‍गरिकों को मुफ्त राशन दिया गया है।इस आंकड़े को सुनकर दुनिया चौक जाती है।

प्रदेश और देश का अपमान कर रहा विपक्ष

पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हों, जो भारत की सेनाओं के अपमान करते हों, जो भारत के उद्यमियों की मेहनत से चल रहे मेक इन इंडिया अभियान का मखौल उड़ाते हों,वो घोर परिवारवादी लोग भारत को कभी ताकतवर नहीं बना सकते।इन घोर परिवारवादियों ने कदम-कदम पर भारत का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।ये अपमान यूपी के लोगों का अपमान है।आजादी के बाद इन लोगों को जब-जब सरकार बनाने का मौका मिला, आपको पीछे रखने का काम किया।ऐसे लोगों को आप कभी माफ मत करना

पीएम मोदी कहा कि सोनभद्र जैसे अनेक जिले हैं जहां अपने खजाने से प्रकृति ने समृद्ध किया।पहले खनिज संपदा को लूटा और अपने हाल पर छोड़ दिया। आज एनडीए सरकार सोनभद्र जैसे जिलों और जनजातीय समाज को पीछे नहीं रहने देगी। सोनभद्र को आकांक्षी जिला अभियान में शामिल किया। बिजली, शौचालय, गैस, शिक्षा और स्‍वास्‍थ्‍य के लिए सोनभद्र और आसपास को प्राथमिकता दी जा रही है। पांच लाख तक मुफ्त इलाज वाला आयुष्‍मान कार्ड भी बनवा रही है।