रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खनन लीज मामले को लेकर चुनाव आयोग में सुनवाई पूरी हो चुकी है।फैसला कभी भी आ सकता है।संभावित फैसले पर पक्ष और विपक्ष सबकी नजरें हैं। झारखंड में सियासी सरगर्मी भी तेज हो गयी है।यूपीए महागठबंधन के दल अपने विधायकों को एकजुट रखने की हर संभव प्रयास में जुट गए हैं।इसी सिलसिले में सीएम हेमंत सोरेन ने आज शनिवार को सत्तारूढ़ दलों के विधायकों की बैठक बुलायी है।





झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बैठक को लेकर रणनीति का खुलासा तो नहीं किया,लेकिन उन्होंने कहा कि सुखाड़ को लेकर ये बैठक बुलाई गई है।दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि पूरी स्थिति पर पार्टी की नजर है।उन्होंने कहा कि अभी वे इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि बैठक विधायकों को एकजुट रखने को लेकर हो रही है।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर का कहना है कि महागठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं। उन्होंने ये भी कहा कि निलंबित तीनों विधायक भी अपने हैं।





महागठबंधन के सभी दल आसन्न हालात को लेकर चौकन्ना हैं। चुनाव आयोग का फैसला अगर सरकार के प्रतिकूल आता है तो उससे उत्पन्न होने वाले हालात से कैसे निपटना होगा, इसे लेकर बैठक में चर्चा होगी।इसलिए सभी विधायकों को राज्य में बने रहने के लिए पहले ही हिदायतें दी जा चुकी हैं।





शनिवार की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।दलों के सांसदों भी बैठक में शामिल हो सकते है।





तीन विधायकों की गिरफ्तारी के बाद झामुमो-कांग्रेस चौकन्ना





कांग्रेस के तीन विधायकों की गिरफ्तारी के बाद से सत्तारुढ़ झामुमो-कांग्रेस और चौकन्ना हो चुके हैं। सत्तारुढ़ दलों की एकजुटता में विपक्षी भाजपा किसी तरह सेंधमारी नहीं कर पाए,इस पर खास नजर रहेगी। झामुमो और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं के सामने यह चुनौती है कि विपक्ष की हर राजनीतिक चाल को नाकाम करते हुए अपने विधाय़कों को एकजुट रखें।





हर परिस्थिति का मुकाबला करने की बनेगी रणनीति





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधायकी पर प्रतिकूल निर्णय की स्थिति में सरकार की रणनीति क्या होगी,कैसे इस परिस्थिति से निपटा जायेगा,इन सभी पहलुओं पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि ऐसी तमाम परिस्थितियों में एकजुटता के साथ मजबूती से मुकाबला करने की रणनीति बनेगी। इसके लिए सत्तारूढ़ विधायक दल की बैठक सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में उनके आवास पर 11 बजे से निर्धारित है। इसमें सत्तारूढ़ दल के सभी विधायकों को मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। झामुमो नेता ने अधिकारिक रूप से कहा है कि यूपीए की बैठक सुखाड़ से निपटने के लिए बुलाई गई है।