रांची। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत चार राज्यों में शानदार बढ़त पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए। राजधानी रांची के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में होली जैसा माहौल नजर आया। प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने दोपहर 12 बजे से जश्न मनाना शुरू कर दिया था। शाम पांच बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विजयोत्सव मनाया गया और जमकर पटाखे फोड़े गए, मिठाइयां बांटी गई।पार्टी के झंडों व डीजे के धुन पर हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर नाचते रहे।

राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की जीत

दीपक प्रकाश ने कहा कि चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की हुई ऐतिहासिक शीर्ष नेताओं के कुशल मार्गदर्शन के कारण हुआ। उन्होंने कहा कि यह जीत सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की जीत है,यह अंत्योदय, महिला सशक्तिकरण की जीत है,यह तुष्टिकरण और जातिवाद, परिवारवाद के खिलाफ जीत है।कांग्रेस मुक्त भारत को जनता का पूरा समर्थन इस चुनाव परिणाम में दिख रहा है।

जनता ने परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारा

भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सहित दूसरे राज्यों में जनता ने परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है। उत्तराखंड, मणिपुर, उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में विकास के जो काम हुए हैं,उस पर जनता ने अपनी मुहर लगा दी। पीएम मोदी के विकास की राजनीति को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष नड्डा, वरिष्ठ नेता और पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह समेत अन्य नेताओं ने 5 सालों में चुनावों में विकासवादी राजनीति पर जो काम किया, वह अनुकरणीय है। अब चुनाव विकास के नाम पर ही होंगे। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने कर्नाटक में हिजाब विवाद जानबूझकर खड़ा किया।

नकारात्मक राजनीति को जनता ने नकारा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में पार्टी को जनता से मिले जबर्दस्त समर्थन पर जनता का आभार व्यक्त किया है। रघुवर ने कहा कि इन चुनावों में जातिवाद, संप्रदायवाद के खिलाफ विकासवाद और राष्ट्रवाद की विजय हुई है। चार राज्यों की विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली बड़ी सफलता ने पूरे ने देश को आंदोलित कर दिया है। सोचने को मजबूर किया है कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ सत्ता पाने के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि जनसेवा के लिए राजनीति करती है। इस जीत ने देश भर में हमारी पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान की है। रघुवर ने कहा कि जहां वर्ष 2023 में चुनाव होने जा रहे हैं, 2024 के संसदीय चुनाव में भी पार्टी बड़ा जनादेश प्राप्त करेगी।

राम और रोटी को साथ लेकर चलने की जिद

संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह जीत राम और रोटी को साथ लेकर चलने की जीत है। राम भारत के सांस्कृतिक आदर्श के प्रतीक हैं, वही रोटी अंत्योदय की। भारतीय जनता पार्टी की सरकार भारत के सांस्कृतिक उत्थान के साथ अंत्योदय के कार्यों को धरातल पर उतार रही है। चार राज्यों के परिणाम इसी सोच पर जनता की सहमति है। जनता परिवारवाद,वंशवाद,तुष्टीकरण की राजनीति से ऊब चुकी है।