लखनऊ।देश भर में पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया के 106 ठिकानों पर एनआईए और ईडी की संयुक्त छापेमारी जारी है। मिल रही जानकारी के अनुसार अभी तक 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।उत्तर प्रदेश के आठ ठिकानों पर भी छापेमारी चल रही है।राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर इलाके से एनआईए ने मोहम्मद वसीम उर्फ बबलू नाम के एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।सुबह चार बजे से ही टीम मोहम्मद वसीम से पूछताछ कर रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद वसीम टेलरिंग का काम करता है।छापेमारी के दौरान वसीम के पास से कुछ डिजिटल डॉक्युमेंट्स और पेनड्राइव बरामद होने की भी बात की जा रही है।इस बीच परिजनों ने वसीम को ले जाने की बात तो कही, लेकिन मीडिया से कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
इसके अलावा एनआईए वाराणसी और बहराइच में भी छापेमारी कर रही है।वाराणसी के जैतपुरा और आदमपुर से एनआईए की टीम ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बहराइच के कुर्सी इलाके से पीएफआई के कथित कोषाध्यक्ष नदीम को पकड़ा है।नदीम कुर्सी थाना क्षेत्र के बोरहार गांव का निवासी बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि केंद्रीय एजेंसियों ने देश के 13 राज्यों में छापेमारी की बड़ी कार्रवाई शुरू की है।माना जा रहा है कि ख़ुफ़िया इनपुट के आधार पर पीएफआई से जुड़े लोगों के खिलाफ यह छापेमारी चल रही है।





