रांची।जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के टाउन हॉल परिसर में शुक्रवार देर शाम हुई मारपीट के मामले में जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय विधायक सरयू राय ने सोमवार को कहा कि हमलावर भाजपा के नहीं,बल्कि 3-4 परिवारों के लोग थे।शुक्रवार देर शाम सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के टाउन हॉल परिसर में विधायक सरयू रॉय और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के समर्थक आपस में भिड़ गए थे।पंडाल लगाने को लेकर हुए विवाद में सरयू समर्थकों और रघुवर समर्थकों के बीच मारपीट हुई थी।





पूर्व सीएम के संबंधियों पर भी लगा आरोप





सरयू राय ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में पूर्व मु्ख्यमंत्री रघुवर दास का भांजा, भतीजा, उनका दाहिना हाथ रहे भूपेंद्र सिंह का बेटा और भतीजा,पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे राकेश चौधरी का भाई छक्कन, आजीवन कारावास काटकर पैरोल पर छूटा अपराधी घोड़ा सिंह,दो माह पूर्व जेल से छूटे काशीडीह के बदमाश विकास आदि शामिल हैं।इन्हीं लोगों ने भाजमो नेताओं पर हमला किया था।सरयू राय ने कहा इन लोगों का भाजपा से दूर-दूर तक रिश्ता नहीं है। ये 3-4 परिवारों के लोग हैं। वीडियो फुटेज से इनकी पहचान की जा सकती है। हम लोगों ने पुलिस-प्रशासन को वीडियो फुटेज उपलब्ध कराया है।





सरयू राय बिष्टूपुर स्थित अपने आवास पर सोमवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। सरयू ने कहा कि अगर स्थानीय पुलिस प्रशासन मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी से मिलकर मांग करेंगे कि इस मामले की किसी पुलिस अधिकारी से जांच कराएं। इसमें स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।





पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक सरयू राय समर्थकों के बीच मारपीट को लेकर सिदगोड़ा पुलिस ने दोनों पक्ष के बयान पर एक-दूसरे के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर लिया है।इसमें 37 लोगों को आरोपी बनाया गया है।पुलिस अभी मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।दोनों ओर से किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है,लेकिन वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारियों की नजर दोनों पक्षों पर है। भाजपा नेता इकबाल सिंह ने भाजमो जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, हरेराम सिंह, अजय सिन्हा, रवि प्रकाश सिंह, राम नारायण शर्मा, सुधीर सिंह, विजय सिन्हा व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है।