सुलतानपुर।उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर बाद भीषण सड़क हादसा हो गया।बीएमडब्ल्यू कार यूके 01सी 0009 सुलतानपुर की तरफ से जा रही थी।लखनऊ की तरफ से उसी रोड पर आ रहे कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन और चारों लोग दूर जाकर गिरे।भिड़ंत इतनी तेज थी कि बीएमडब्ल्यू कार का अगला हिस्सा कंटेनर के नीचे आ गया।भीषण टक्कर में कार सवार चार लोगों की मौेके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद कंटेनर का चालक फरार हो गया। कार सवार बिहार के रहने वाले हैं। तीन मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है, जबकि एक शव की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना के बाद डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच की।
ये सड़क हादसा उस जगह हुआ जहां छह अक्तूबर की रात हलियापुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अचानक धंस गया था।इसके कारण ट्रैफिक डायवर्जन किया गया था।यूपीडा ने गड्ढे को भरवाकर उधर से बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया था। तब से एक ही लेन से अप और डाउन दोनों वाहनों को निकाला जा रहा था। शुक्रवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे एक कंटेनर अपने दाहिने की लेन से निकल रहा था। इसी बीच सामने से आ रही बीएमडब्ल्यू कार से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कंटेनर का अगला हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही डीएम रवीश गुप्ता, एसपी सोमेन बर्मा, एसडीएम वंदना पांडेय, सीओ बल्दीराय राजाराम चौधरी, यूपीडा के कंट्रोल रूम प्रभारी ओपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए। कार में मिले मोबाइल और कागजात के आधार पर शवों की शिनाख्त 35 वर्षीय आनंद प्रकाश पुत्र डॉ. निर्मल सिंह निवासी डेहरी ओनसोन बिहार,35 वर्षीय अखिलेश सिंह पुत्र अज्ञात निवासी औरंगाबाद बिहार,37 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र अज्ञात निवासी औरंगाबाद बिहार के रूप में हुई जबकि एक शव की पहचान नहीं हो सकी।
डीएम ने बताया कि बीएमडब्ल्यू कार मालिक जिंदल पब्लिक स्कूल ताली रिवनी मझानी रानीखेत अल्मोड़ा उतराखंड का है। ये सभी बिहार से दिल्ली अपने दोस्त के यहां जा रहे थे। कंटेनर मालिक कयूम पुत्र आयुब निवासी मोहल्ला मनिहारन निकट राजा मस्जिद थाना भोजपुर जिला मुरादाबाद का बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
हादसे की वजह तेज रफ्तारः डीएम
दुर्घटना स्थल पर पहुंचे डीएम ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पाया गया है कि बीएमडब्ल्यू कार की रफ्तार काफी तेज थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। यूपीडा के कंट्रोल रूम प्रभारी ओपी सिंह ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
कंटेनर के पशु तस्करी में शामिल होने के संकेत
हादसे के बाद अधिकारियों ने कंटेनर का ताला खुलवाकर जांच की। जांच में पाया गया कि उसके अंदर मवेशियों को लादने के लिए पटरा लगाया गया था। पशु तस्कर इसी तरह से मवेशियों को लादकर गैंर प्रांत ले जाते हैं।
कंटेनर से कूदकर पैदल ही भागते दिखे तीन लोग
दुर्घटना के बाद कंटेनर से तीन लोग कूदकर हलियापुर की ओर पैदल ही भागते देखे गए। दुर्घटना के वक्त मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना स्थल की जांच करने पहुंचे अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। जानकारी के बाद हलियापुर थाने की पुलिस ने क्षेत्र में भागने वाले लोगों की खोजबीन शुरू कर दी है।





