ग्रेटर नोएडा।रफ्तार रोमांच देता है और चूक होने पर जान भी ले लेता है,लेकिन फिर भी लोग रफ्तार के आगे सबकुछ भूल जाते हैं।ऐसे रफ्तार और रोमांच के चक्कर में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दनकौर थाना क्षेत्र के गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह भीषण हादसा हुआ।यहां 200 किलोमीटर की रफ्तार से जा रही 80 लाख की बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए।एयरबैग भी लगे थे,लेकिन फिर भी ड्राइवर भरत की जान चली गई।गंभीर रूप से घायल गौरव का इलाज कैलाश अस्पताल में चल रहा है जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की एचआर 22 एम 0003 बीएमडब्ल्यू कार से भरत और गौरव नोएडा की तरफ से आगरा के लिए जा रहे थे।इसी दौरान उनकी बीएमडब्ल्यू कार दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेसवे के 11 किलोमीटर पर 8:30 बजे अनियंत्रित हो गई।इसके बाद बीएमडब्ल्यू कार एक्सप्रेसवे से 20 फीट नीचे जा गिरी।हादसा इतना भीषण था कि बीएमडब्ल्यू कार के परखच्चे उड़ गए।
दनकौर थाना प्रभारी राधा रमन सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि यमुना एक्सप्रेसवे पर गलगोटिया कॉलेज के पास तेज गति में जा रही एक बीएमडब्ल्यू कार सेफ्टी रेलिंग तोड़कर एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवा और कैलाश अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने कार चालक भरत को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल गौरव का इलाज चल रहा है।उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है।





