पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।जेसीआई रांची द्वारा आयोजित 27वें एक्सपो उत्सव का बुधवार को शानदार समापन हुआ,जिसमें नए उत्साह और ऊर्जा के साथ अगले साल फिर से लौटने का संकल्प लिया गया।सात दिनों तक चले इस भव्य आयोजन के अंतिम दिन राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।लोग जमकर खरीदारी करते हुए नजर आए।सभी स्टॉल धारक इस अद्भुत आयोजन से काफी संतुष्ट दिखे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेएफएस एडवोकेट सीआर रेखेश शर्मा ने की।उन्होंने जेसीआई रांची की सराहना करते हुए कहा कि एक्सपो उत्सव सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि पूरे जेसीआई इंडिया का गौरव है। इस स्तर के आयोजन के लिए अनुभव और समर्पण की जरूरत होती है,जिसे जेसीआई रांची ने सफलतापूर्वक पिछले 27 सालों से निभाया है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राखी जैन ने कहा कि उन्होंने एक्सपो उत्सव को वर्षों में बढ़ते और निखरते देखा है।यह आयोजन अब इतना भव्य हो चुका है कि हर साल रांचीवासी इसका इंतजार करते हैं। इसमें पुराने और नए सदस्यों की मेहनत साफ दिखाई देती है।
समापन कार्यक्रम में एक्सपो उत्सव के सभी सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया,जिससे पूरे आयोजन का उत्साह और भी बढ़ गया।इस अवसर पर मयंक अग्रवाल,तरुण अग्रवाल,सिद्धार्थ चौधरी,विक्रम चौधरी,अमित खोवाल,अरविंद राजगढ़िया,प्रतीक जैन सहित काफी संख्या में जेसीआई रांची के सदस्यगण,स्टॉल धारक और दर्शक मौजूद थे।





