वरीय संवाददाता,रांची। गैर सरकारी स्वयंसेवी संस्था पेटसी और रांची नगर निगम के सहयोग से स्मार्ट सिटी में पौधरोपण किया गया।
रांची नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार सिंह ने एक पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य पूरी रांची को हराभरा करना है।
रांची शहर में काफी संख्या में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाये जा रहे हैं। नगर आयुक्त शशिरंजन के दिशा-निर्देश में पौधारोपण कार्यक्रम को सफल बनाया जा रहा है।इस अवसर पर कार्यान्वयन एजेंसी पेटसी के सचिव अर्चित आनंद ने भी पौधरोपण किया।
अर्चित आनंद ने कहा कि विकास की दौड़ में प्रकृति की रक्षा हमारा कर्तव्य है। पौधे लगाने के साथ हमारी संस्था आगामी तीन वर्षों तक इसकी देख भाल भी करेगी।अर्चित आनंद ने कहा की रांची नगर निगम के तत्वावधान में संस्था जितने भी पौधे लगाएगी उन सभी के रखरखाव या पौधों से संबंधित कोई भी शिकायत/सुझाव के लिए एक नंबर जारी कर रही है-0651-2443387 ,इस नंबर पर आप पौधा संख्या और वार्ड नंबर बताकर पौधे से जुड़ी समस्या नोट करा सकते हैं,हमारी टीम उसपर त्वरित कार्रवाई करेगी।
मौके पर स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदकुलियार भी उपस्थित थे। उन्होंने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में पेटसी के निदेशक पारिजात परिमल ने सबका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रविशंकर पांडेय, कंवलजीत कुमार, प्रभाष सहित अन्य उपस्थित थे।





