नावाडीह।बहनें अपने भाईयों को राखी के रूप में सुरक्षा का कवच बांधती हैं, लेकिन ये क्या बीते शुक्रवार की शाम को फैली एक अफवाह के कारण बेरमो अनुमंडल अंतर्गत नावाडीह प्रखंड के नारायणपुर, पोखरिया, बंशी, कोठी, मूंगो आदि गांवों में भाइयों की कलाई से फटाफट राखियां खोल दी गई।राखी खोलने में विलंब होने पर कैंची या ब्लेड से काटकर उसे हटा दिया गया।
दरअसल ऐसा हुआ कि रक्षाबंधन के दिन ही शाम को इलाके में मोबाइल से अफवाह फैली कि गिरिडीह जिले में राखी बांधने से दो व्यक्ति की मौत हो गई है। इसलिए अपने अपने घरों में जो पुरुष राखी बांधे हुए हैं। उसे तुरंत खोल दें नहीं तो अपने घर में भी उसी तरह की घटना घट सकती है।यह सुनते ही लोगों ने कलाई से राखी फटाफट खोल दी।
बंशी निवासी सह समाजसेवी अरुण साव, नारायणपुर निवासी घनश्याम महतो आदि ने बताया कि यह अफवाह है। भाई बहन के प्यार रूपी रक्षाबंधन के त्यौहार को कुछ व्यक्तियों ने बदनाम करने की कोशिश की है। हम लोग अभी तक राखी नहीं खोले हैं और कुछ हुआ भी नहीं हैं।





