राजद नेता व प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष के पुत्र ऋतिक रौशन की संदिग्ध मौत का पुलिस ने किया खुलासा





ब्राउन सुगर की ओवर डोज से हुई मौत,मृतक के दो चचरे भाईयों को पुलिस ने किया गिरफ्तार





मृतक ऋतिक रौशन व उसके चचेरे भाई ब्राउन सुगर के अंतरराज्यीय तस्कर:एसडीपीओ





प्रतिनिधि, चतरा। चतरा सदर प्रखंड के डमडोईया गांव निवासी राजद नेता सह प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष उपेंद्र दांगी के 21 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार की नगर क्षेत्र के धंगरटोली मुहल्ला स्थित उनके नवनिर्मित आवास में 14 मई की देर रात हुई संदिग्ध मौत का चतरा पुलिस ने खुलासा कर दिया है।





चतरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि युवक के संदिग्ध मौत के बाद पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर पूरे घटनाक्रम की तह तक जाने के लिए एसआईटी टीम का गठन किया था। टीम में सदर थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर मनोहर करमाली,एसआई मनोज पाल, सिकन्दर सिंकू,विकास पासवान शामिल थे। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की बिंदुवार जांच की गई।शव की गहनता पूर्वक जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की भी सहायता ली गयी। इसके अलावा टेक्निकल टीम को भी लगाया गया। इससे यह निष्कर्ष निकला कि ऋतिक रोशन की मौत ब्राउन सुगर की ओवर डोज से हुई है।





एसडीपीओ कुमार ने बताया कि जांचोपरांत कई चौकने वाले तथ्य सामने आए। मृतक व उनके भाइयों के खाते में करीब 30 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन होने की जानकारी प्राप्त हुई। सम्भावना व्यक्त की जा रही है कि ब्राउन सुगर की तस्करी में राज्य के कई सफेदपोश भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जांच के क्रम में पता चला कि मृतक अपने दो चचेरे भाइयों के साथ ब्राउन सुगर की अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी करते थे। घटना की रात भी मृतक व उसके भाइयो ने ब्राउन सुगर का सेवन किया था। इस दौरान ऋतिक ने ब्राउन सुगर का ओवर डोज ले लिया। उन्होंने बताया कि इनकी चार पांच लोगों की टीम है जो ब्राउन सुगर पीने पिलाने व बेचने का काम करते हैं। एसडीपीओ ने बताया कि मृतक के दोनों चचेरे भाइयो सूरज व रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है।