रांची।राज्यपाल रमेश बैस ने शनिवार को रिम्स पहुंचे और पद्मश्री सिमोन उरांव से मिलकर उनके तबीयत की जानकारी ली।राज्यपाल ने न्यूरोलॉजी विभाग में इलाजरत सिमोन उरांव का हाथ थामकर उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा कि आप जल्द ठीक होंगे। राज्यपाल यहां 20 मिनट से ज्यादा समय तक रहे और उनके इलाज से संबंधित चिकित्सकों और परिजनों से जानकारी ली।दो दिनों के इलाज में सिमोन उरांव की स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है।
सिमोन उरांव की सेहत में तेजी से हो रहा सुधार
राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि सिमोन उरांव की तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है।वह बोल रहे है और ठीक से समझ पा रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वह जल्द ठीक होकर हमारे बीच हों।आपको बता दें कि झारखंड में पानी वाले बाबा के नाम से मशहूर 87 वर्षीय सिमोन उरांव को लकवा (स्ट्रोक) की शिकायत के बाद शुक्रवार को रिम्स में भर्ती किया गया था।डॉ गोविंद माधव की निगरानी में सिमोन उरांव का इलाज चल रहा है।इस मौके पर रिम्स अधीक्षक डॉ हिरेंद्र बिरुआ, उपाधीक्षक डॉ शैलेश त्रिपाठी, डीन डॉ विवेक कश्यप सहित अन्य चिकित्सक और वार्ड के स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
डॉ गोविंद माधव की निगरानी में चल रहा इलाज
पद्मश्री सिमोन उरांव का इलाज कर रहे न्यूरोलॉजी विभाग के डॉ गोविंद माधव ने कहा कि परिजनों के मुताबिक चक्कर आने के बाद उनकी आवाज लड़खाने लगी थी। सिमोन उरांव को 29 जुलाई को मेरे पास लाया गया था। उस समय उनकी पल्स रेट 180/110 दर्ज की गई थी।डॉ ने कहा कि सिमोन उरांव को जब यहां लाया गया था उस समय वह बोल भी नहीं पा रहे थे। उनका दाहिना हाथ और दाहिना पैर काम करना बंद कर दिया था।
बीपी बढ़ने के कारण हुई परेशानी
रिम्स के न्यूरो विभाग के चिकित्सक के मुताबिक बीपी बढ़ने से ब्रेन में ब्लड क्लॉट करने के कारण स्ट्रोक की समस्या हुई। उन्होंने कहा कि सिटी स्कैन कराने के बाद इलाज शुरू किया गया है।अगले दो-तीन दिनों में तबीयत में और सुधार होगा। दो दिनों के इलाज में उनकी तबीयत में काफी सुधार हुआ है।ठीक होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जायेगा, लेकिन उन्हें आगे दवाइयां लेनी पड़ेगी।





