रांची।रामनवमी की शोभायात्रा और चैती दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन यात्रा को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। कोई भी अप्रिय घटना न हो इसके लिए ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। शोभायात्रा, झांकी प्रतियोगिता और चैती दुर्गापूजा शोभायात्रा की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे जिले में 283 दंडाधिकारी, 250 पुलिस अधिकारी समेत 2000 से अधिक पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रहेगी।


रामनवमी की शोभायात्रा और चैती दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन यात्रा को लेकर रांची जिले में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गयी है। कोई भी घटना न हो इसके लिए ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। शोभायात्रा, झांकी प्रतियोगिता और चैती दुर्गापूजा शोभायात्रा की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे जिले में 283 दंडाधिकारी, 250 पुलिस अधिकारी समेत 2000 से अधिक पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

शहर के कई थाना क्षेत्रों में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

महारामनवमी को लेकर राजधानी रांची के कई थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को फ्लैग मार्च निकाला। इसकी शुरुआत चुटिया थाना क्षेत्र के बहुबाजार से हुई। सिटी डीएसपी दीपक कुमार और रैफ के डिप्टी कमांडेंट राकेश कुमार, सहायक कमांडेंट अजीत कुमार के नेतृत्व में निकला मार्च कर्बला चौक, चर्च रोड, श्री संकट मोचन मंदिर से होकर रतन पीपी तक गया। वहां से सभी लेक रोड और फिर डेली मार्केट थाना तक गए।

सिटी डीएसपी ने बताया कि शांतिपूर्ण माहौल में रामनवमी संपन्न कराने को लेकर रांची पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। अवांछित तत्वों की किसी भी समाजविरोधी गतिविधि से निपटने की भी तैयारी है। उन्होंने बताया कि रामनवमी से पूर्व ही थानावार सघन गश्ती, पैदल मार्च, टाइगर मोबाइल से गली- मुहल्लों में नियमित गश्त और आमजन से सीधे संवाद का अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान रामनवमी के एक दिन बाद तक जारी रहेगा।सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता हो सके इसके लिए होमगार्ड के पांच सौ जवान भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। गश्ती दल का गठन किया गया है जो लगातार विभिन्न इलाकों में गश्त करेगी। हर गश्ती दल में एक दंडाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

इस संबंध में डीसी छवि रंजन व एसएसपी संयुक्तादेश जारी किया है।सुरक्षा के दृष्टिकोण से राजधानी रांची को 10 जोन में बांट कर 10 जोनल मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

संयुक्तादेश में कहा गया है कि त्योहार के दौरान अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटें।सभी बीडीओ और सीओ को इस संबंध में निर्देश दिया गया है कि वे लगातार राउंड में रहते हुए ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। वहीं, बिजली विभाग से कहा गया है कि जब मुख्य मार्ग से जुलूस गुजरे, तो बिजली बंद रखें।वहीं 16 गश्ती दल बनाया गया है।सभी गश्ती दल में मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।शोभायात्रा के एस्कॉर्ट के लिए सात मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किए गये हैं।वहीं, 33 मजिस्ट्रेट को सुरक्षित रखा गया है।

निर्धारित रूट से निकलेगा जुलूस

शोभायात्रा के लिए जिस रूट का लाइसेंस दिया गया है, उसी रूट से जुलूस निकाला जायेगा।इसका उल्लंघन करने पर कार्रवाई करने के साथ लाइसेंस भी रद्द किया जायेगा।नये मार्ग से जुलूस निकालने की अनुमति किसी को नहीं दी जायेगी।

शराब की दुकानें रहेंगी बंद

रामनवमी के दिन शराब की बिक्री पर रोक रहेगी।इसको लेकर सहायक उत्पाद आयुक्त को कहा गया है कि रामनवमी के दिन शराब की दुकानें बंद रखें।अवैध रूप से शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया है। विशेषकर डोरंडा, हिनू, धुर्वा, हिंदपीढ़ी, लोअर बाजार और सुखदेवनगर इलाके में छापामारी कर अवैध शराब बेचनेवालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

चलंत एंबुलेंस के साथ मौजूद रहेंगे स्वास्थ्यकर्मी

अलबर्ट एक्का चौक से निवारणपुर तक शोभायात्रा के साथ चलंत चिकित्सा व्यवस्था की जायेगी। इसके लिए सिविल सर्जन को अपर बाजार, अलबर्ट एक्का चौक, सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, डोरंडा, निवारणपुर, मेडिकल चौक, पिस्का मोड़, रातू रोड, लालपुर चौक, चुटिया व कांटाटोली चौक के पास चिकित्सा शिविर लगाने का निर्देश दिया गया है। वहीं सदर अस्पताल में भी एक टीम को 24 घंटे कार्यरत रखने का निर्देश दिया गया है।रिम्स अधीक्षक से आग्रह किया गया है कि आपातकालीन कक्ष को दिन-रात क्रियाशील रखें।

जुलूस मार्ग में पड़ने वाले लिंक रोड की होगी बैरिकेडिंग

सुरक्षा कारणों से मेन रोड के बुधिया कॉम्प्लेक्स, रतन टॉकिज और डोरंडा थाना के झंडा चौक के अलावा युनूस चौक के बीच की सभी गलियों में उप मार्ग को बंद किया जायेगा। इसको लेकर सिटी एसपी को निर्देश दिया गया है कि बैरिकेडिंग कर इन गलियों को बंद करने के अलावा कुछ मकानों की छत पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।

जहां पहले हो चुका है तनाव, वहां रहेगी विशेष नजर

रामनवमी के दौरान जिन इलाकों में पूर्व में विवाद या तनाव हुआ है, वहां विशेष नजर रखी जायेगी।वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी।