लातेहार।नाबालिग की शादी कराने पर शुक्रवार को लातेहार थाने में बीडीओ मेघनाथ उरांव ने लड़की के माता-पिता समेत 400 बारातियों पर एफआईआर दर्ज करायी है।
मामला सदर थाना क्षेत्र के नावागढ़ गांव का है।बीडीओ मेघनाथ उरांव ने थाने में दिए आवेदन में कहा है कि 27 अप्रैल को कुरा की नाबालिग से नावागढ़ निवासी होरिल साव के पुत्र सुभाष कुमार प्रसाद की शादी तय हुई थी।
इसकी सूचना चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक आशुतोष कुमार से उनको मिली।उन्होंने तुरंत पंचायत सेवक संतोष उरांव के माध्यम से परिजनों को शादी नहीं कराने को लेकर समझाया।उन्होंने खुद लड़की के घर पहुंच कर माता-पिता से बात कर बाल विवाह प्रतिरोध अधिनियम 2006 के बारे में जानकारी दी और साथ ही बच्ची के सारे कागजात लेकर शादी नहीं करने की बात कही,लेकिन समझाने के बाद भी माता-पिता ने शादी संपन्न करा दी।फिलहाल विवाहित लड़की को पुलिस के माध्यम से सीडब्ल्यूसी में पहुंचा दिया गया है।लातेहार पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।





