लोहरदगा।झारखंड के लोहरदगा जिले के नक्सल प्रभावित सेरेंगदाग थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है।महिला को देर रात पहाड़ी क्षेत्र से इलाज के लिए बुधवार की अहले सुबह गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जहां महिला की हालत स्थिर बनी हुई है। इस घटना में सेरेंगदाग पिकेट के दो जवानों पर गैंगरेप का आरोप लग रहा है।
शराब के नशे में दो जवानों ने किया गैंगरेप
पुलिस मामले में गैंगरेप होने की पुष्टि तो कर रही है, लेकिन किसी जवान के इस घटना में शामिल होने को लेकर जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कह रही है।घटना उस समय हुई जब महिला खेत में घास काटने के लिए गई हुई थी।तभी शराब के नशे में दो लोगों ने महिला से गैंगरेप किया।
आरोपियों की शिनाख्त की कवायद में जुटी पुलिस
इस मामले में डीएसपी परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि दुष्कर्म की घटना की सूचना मिली है। महिला को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुष्कर्म की घटना को किन दो लोगों ने मिलकर अंजाम दिया है, इसकी अभी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी किसी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। जांच के बाद ही पता चलेगा कि आरोपित कौन हैं। महिला का आरोप है कि पुलिस पिकेट के जवानों ने दुष्कर्म किया है। पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।
शिनाख्त परेड की भी पुलिस ले सकती मदद
डीएसपी परमेश्वर प्रसाद ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि दुष्कर्म की घटना में शामिल लोग कौन हैं। जिन लोगों ने इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया है, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषी कोई भी हो बचेगा नहीं। जरूर पड़ी तो शिनाख्त परेड के जरिए दोषी की शिनाख्त की जाएगी।





