प्रतिनिधि,जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन से शनिवार की सुबह पुरुषोत्तम एक्सप्रेस द्वारा पूर्व सैनिक सेवा परिषद पूर्वी सिंहभूम के सदस्य वन रैंक वन पेंशन की विसंगतियों एवं समान मिल्ट्री सर्विस पे की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना में शामिल होने के लिए दिल्ली रामलीला मैदान के लिए रवाना हुए। वहीं पूरे देश के तीनों सेनाओं के पूर्व सैनिक लम्बे समय से इसकी मांग करते आ रहे है। विगत कुछ महीनों से सैनिकों की कुछ संस्थाओं ने जंतर मंतर पर लगातार धरना भी दिया था। साथ ही 12 मार्च को जंतर मंतर पर एक विशाल सभा का आयोजन हुआ। इस दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं रक्षामंत्री को ज्ञापन दिया था। देश भर के सैनिकों ने प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड और लिफाफा के माध्यम से भी अपनी बात पहुंचाई। सभी संगठनों ने इन विसंगतियों को दूर करने के लिए 6 अगस्त को एकदिवसीय धरना रामलीला मैदान में बुलाया है,जिसमें अपनी समस्याओं से पुनः अवगत कराने का फैसला लिया गया। इस महत्वपूर्ण मीटिंग में शामिल होने पूरे देश के सैनिक आ रहे हैं। उम्मीद है कि सरकार शीघ्र इस समस्या के समाधान के लिए आगे आएगी और जिससे सैनिकों मनोबल ऊंचा होगा।





