वाराणसी।उत्तर प्रदेश में नई सरकार बनने के लिए अब विधानसभा चुनाव का 7वां और अंतिम चरण का रण बचा हुआ है। 7 मार्च को अंतिम चरण के रण का मतदान होगा।इस चरण के रण में 9 जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।इन सभी जिलों के केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी है। यहां अलग-अलग दलों के दिग्गज नेताओं का मेला लगा हुआ है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को आध्यात्मिक नगरी काशी में मेगा रोड शो किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी आएं और कुछ अलग न हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता। इस बार भी ऐसा ही कुछ हुआ।बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी में रोड शो के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधी रात को अचानक वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्टेशन का निरीक्षण किया साथ ही स्टेशन पर घूमते हुए यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया।पीएम की एक झलक पाने और उनके साथ सेल्फी लेने वालों की संख्या धीरे-धीरे भारी भीड़ में बदल गई।भीड़ में मौजूद लोगों द्वारा हर हर महादेव के जयघोष से काशी गूंज उठी।

पीएम मोदी का काफिला स्टेशन पर निरीक्षण करने से पहले जब खिड़किया घाट पहुंचा तो यहां भी उनकी तरफ लोगों की बढ़ती हुई भीड़ को सुरक्षाकर्मी बड़ी मुश्किल से संभाल पाए।भीड़ में मौजूद हर व्यक्ति मानों पीएम की एक झलक पाने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए आतुर था। पीएम मोदी ने रोड शो के दौरान बीच में एक टी ब्रेक भी लिया और कुल्हड़ वाली चाय का आनंद लिया और साथ ही दुकानदारों से बातचीत की।

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये रोड शो दक्षिणी विधानसभा से होते हुए कैंट में जाकर खत्म हुआ।रोड शो का रूट मलदहिया चौराहे से शुरू होकर लहुराबीर, कबीरचौरा, लोहटिया, मैदागिन, नीचीबाग, चौक होते हुए बाबा विश्वनाथ धाम तक था।