धनबाद।उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के इंद्रानगर के रहने वाले ट्रक ड्राइवर इमरान जून 2021 में वासेपुर अपने ससुराल आया था। इमरान उसी समय से गायब है। इमरान के पिता इस्माइल ने एसएसपी को पत्र लिख कर बेटे की पत्नी और ससुराल वालों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।

इस्माइल ने एसएसपी को दिए पत्र में बताया कि इमरान का निकाह 13 मार्च 2019 को वासेपुर न्यू मटकुरिया मदीनानगर की रहने वाली तरन्नुम परवीन के साथ हुआ था। निकाह के बाद बेटा और बहू के बीच संबंध अच्छे नहीं थे।बेटा कई बार ससुराल पत्नी को लेने आता था, लेकिन मेरे बेटे के ससुराल वाले उसे गुंडों से पिटवा कर भगा देते थे। नौ सितंबर 2019 को उत्तर प्रदेश शाहजहांपुर जिला मजिस्ट्रेट को इस संबंध में लिखित आवेदन देकर इस्माइल ने इमरान की जान को खतरा बताया था। 26 जून 2021 को पुत्र वासेपुर आने की बात कह कर घर से निकला था।

इमरान जिनका ट्रक चलाता था उन्होंने 30 जून 2021 को बताया था कि इमरान पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल गया है। उसकी पत्नी ने यह कह कर बुलाया था कि उसकी पुत्री की तबीयत खराब है। वह अपने घरवालों से अलग किराए के मकान में इमरान के साथ रहेगी। 30 जून 2021 को ही उनके पुत्र ने फोन किया था। पूछने पर बताया था कि वह ठीक नहीं है। इतना कहते ही किसी ने उसका मोबाइल छीन लिया था। पीछे से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। उसी समय से पुत्र घर नहीं आया। इस संबंध में यूपी में सनहा दर्ज कराया था। इस्माइल ने बेटे की पत्नी, सास, साली और साला के खिलाफ बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।