रांची।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को समन किए जाने के तुरंत बाद हेमंत सोरेन सरकार द्वारा विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने पर पूर्व मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को हेमंत सरकार पर निशाना साधा।बाबूलाल ने कहा कि झारखंड में सत्ता की नाव डूबने वाली है।ट्वीट करते हुए कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार की काठ से बनी सत्ता की नैया जांच एजेंसियों की लहरों के सामने हिचकोले खाकर बस डूबने ही वाली है। पतवार थामे इस सत्ता के मुखिया अब अंतिम दांव आजमाने की तैयारी में हैं।
सहानुभूति कार्ड खेल रही है हेमंत सरकार
11 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने पर सरकार के फैसले पर निशाना साधते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विशेष सत्र में मुख्यमंत्री फिर एक बार जनभावनाओं को आगे कर सहानुभूति कार्ड खेलने की तैयारी कर रहे हैं।अब ये कुछ भी कर लें,अधोगति तय है।भ्रष्टाचार की शब्दावली भी अब झारखंड में लज्जित है।सीएम सोरेन पर सीधा निशाना साधते हुए बाबूलाल ने कहा कि लूट-खसोट के नित नए कीर्तिमान बनाने वाले सीएम साह अब आपके अहंकार व आतंक का अंत अवश्यंभावी है।
ईडी के समन पर हमलावर है विपक्ष
ईडी द्वारा मनी लाउंड्रिंग और अवैध खनन मामले में ईडी द्वारा सीएम हेमंत सोरेन को समन किए जाने के बाद से ही विपक्ष लगातार हमलावर है।बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास और निशिकांत दुबे जैसे शीर्ष भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला है।इस पर पलटवार करते हुए सीएम सोरेन ने कहा है कि झारखंड की मौजूदा सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।विपक्ष केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर षड्यंत्र कर रहा है।मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है,लेकिन इससे कुछ होगा नहीं।विपक्ष की गलतफहमी है।झामुमो के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि महामहिम राजनीतिक बयानबाजी करते हैं। क्या वे सरकार को अस्थिर करने के लिए एटम बम फोड़ेंगे।





