विधानसभा गेट पर सिमरिया विधायक किशुन कुमार दास ने दिया धरना
विधायक इटखोरी के सीओ राम विनय शर्मा के अभिलंब बर्खास्तगी की कर रहे थे मांग
प्रतिनिधि,चतरा/रांची। विधानसभा सत्र के दौरान बुधवार को सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक किशुन कुमार दास इटखोरी के अंचलाधिकारी राम विनय शर्मा की अविलंब बर्खास्तगी की मांग को लेकर झारखंड विधानसभा गेट के समक्ष धरना पर बैठ गए।गौरतलब है कि चतरा जिला के इटखोरी प्रखंड के सीओ राम विनय शर्मा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं।
इस बाबत सिमरिया विधायक ने सदन में पहले भी मामला उठाया था।विधानसभा में मामला उठाए जाने के बाद हेमंत सोरेन सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच का आदेश दिया था,लेकिन भ्रष्टचार के आकंठ में डूबी सरकार के अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट आने के बावजूद ईटखोरी के सीओ राम विनय शर्मा पर कोई भी विभागीय कार्रवाई शुरू नहीं की। विरोध स्वरूप विधायक किशुन कुमार दास विधानसभा के गेट पर धरना पर बैठ गए।विधायक के दोनों हाथों में प्ले कार्ड था। जिसपर इटखोरी प्रखंड के भ्रष्ट सीओ राम विनय शर्मा को अविलंब बर्खास्त करने की मांग लिखी गई थी।
इस बात की जानकारी झारखंड विधानसभा का सत्र शुरू होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो को मिली तो उनके निर्देश पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता व विधायक मथुरा महतो और भाजपा के विधायक अनंत ओझा सम्मान के साथ विधायक किशुन कुमार दास को सदन की कार्यवाही में ले गए,लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि विभागीय जांच होने के बावजूद भी राज्य सरकार के द्वारा भ्रष्ट अंचलाधिकारी राम विनय शर्मा पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
आपको बताते चलें कि चतरा के उपायुक्त अबु इमरान ने सीओ राम विनय शर्मा पर जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया था।जांच टीम में अपर समाहर्ता,जिला भू अर्जन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी शामिल थे। जांच रिपोर्ट में इटखोरी के सीओ राम विनय शर्मा पर लगे गंभीर आपत्तिजनक आरोप सही पाए गए। इनमें रजिस्टर टू से छेड़छाड़, मनमाने तरीके से राजस्व नियमों का उल्लंघन आदि शामिल है।उपायुक्त के पत्रांक 288/4 जुलाई 2023 के माध्यम से सीओ राम विनय शर्मा के खिलाफ राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव को भी पत्र भेजा गया है,
लेकिन हेमंत सोरेन सरकार के द्वारा भ्रष्ट अधिकारी पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अब आश्वासन दिया गया है कि भ्रष्ट सीओ पर अतिशीघ्र कार्रवाई की जाएगी।





